सतना. अगर आप सोचते हैं कि कोई सड़क सिर्फ एक जगह से दूसरी जगह तक पहुंचने का रास्ता होती है, तो सतना में बन रहा राम वन गमन पथ आपकी सोच बदल देगा. यह सिर्फ सड़क नहीं बल्कि भगवान राम के वनवास के उन किस्सों को फिर से जिंदा करने की कोशिश है, जिन्हें लोग अब तक सिर्फ सुनते आए थे. चित्रकूट और उसके आसपास के इलाकों को इस तरह सजाया और संवारा जा रहा है कि यहां आने वाला हर व्यक्ति खुद को त्रेतायुग के करीब महसूस करे. इस बड़े प्रोजेक्ट में हजारों करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं, जिसमें सिर्फ चित्रकूट नगर परिषद क्षेत्र में ही करीब ₹85 करोड़ के काम चल रहे हैं और ₹35 करोड़ के नए काम भी जल्द शुरू होंगे.
इस पूरे प्रोजेक्ट का सबसे खास हिस्सा सतना से 15 किमी की दूरी पर बना रामवन है. यहां करीब ₹15 करोड़ की लागत से मंदिर परिसर को बड़ा किया जा रहा है. साथ ही रामायण इंटरप्रिटेशन सेंटर, डिजिटल गैलरी और नौका विहार जैसी सुविधाएं भी तैयार हो रही हैं. मतलब यहां आने वाले लोगों को सिर्फ दर्शन ही नहीं बल्कि रामायण की कहानी को नए तरीके से देखने और समझने का मौका मिलेगा.
आसान होगा सफर
इस प्रोजेक्ट के तहत मैहर, रामवन और चित्रकूट जैसे प्रमुख स्थानों को भारत माला परियोजना की हाई-स्पीड सड़कों से जोड़ा जा रहा है. इससे यात्रियों को आने-जाने में आसानी होगी और ज्यादा लोग यहां घूमने पहुंचेंगे, जिससे होटल, दुकान और ट्रांसपोर्ट जैसे लोकल बिजनेस को भी फायदा मिलेगा. सरकार का प्लान है कि चित्रकूट को अयोध्या की तरह एक स्पिरिचुअल सिटी बनाया जाए. यहां वनवासी राम लोक तैयार किया जा रहा है, जहां भगवान राम के वनवास से जुड़े किस्सों को मूर्तियों और चित्रों के जरिए दिखाया जाएगा. इसके अलावा डिजिटल साइनबोर्ड, क्यूआर कोड से जानकारी और आधुनिक यात्री निवास जैसी सुविधाएं भी बनाई जा रही हैं.
सतना के 9 धार्मिक स्थलों पर काम तेज
सतना जिले में इस योजना के तहत 9 अहम जगहों को डेवलप किया जा रहा है. इनमें कामदगिरी (चित्रकूट), भरत कूप, स्फटिक शिला, अनुसुइया आश्रम, गुप्त गोदावरी, हनुमान धारा, रामवन (सज्जनपुर), बिरसिंहपुर और मैहर के पहाड़ी इलाके शामिल हैं. ये सभी जगहें रामायण काल से जुड़ी मानी जाती हैं और यहां सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ साथ सौंदर्यीकरण भी किया जा रहा है.
रोजगार और कारोबार को बड़ा मौका
इस प्रोजेक्ट से हजारों लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है. खासकर स्थानीय हस्तशिल्प, छोटे दुकानदार और पर्यटन से जुड़े लोगों को फायदा होगा. इससे सतना और पूरे विंध्य क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और यह इलाका एक बड़ा धार्मिक पर्यटन केंद्र बन सकता है. इस योजना में पर्यावरण का भी खास ख्याल रखा जा रहा है. पूरे रास्ते में रामायण काल से जुड़े पेड़ लगाए जा रहे हैं, जिससे हरियाली बढ़ेगी और पर्यावरण संतुलन बना रहेगा.
अब 35 जगहों तक बढ़ेगा प्रोजेक्ट
पहले इस योजना में मध्य प्रदेश के 8 जिलों के 23 स्थान शामिल थे लेकिन हाल ही में सरकार ने 10 और नई जगहों को जोड़ने का फैसला लिया है. जिसके बाद कुल स्थानों की संख्या 35 हो जाएगी. राम वन गमन पथ सिर्फ मध्य प्रदेश तक सीमित नहीं है, यह अयोध्या से लेकर रामेश्वरम और आगे श्रीलंका तक फैला हुआ एक बड़ा धार्मिक कॉरिडोर है. इसमें करीब 9-10 राज्यों के 250 से ज्यादा स्थान शामिल हैं. केंद्र सरकार की रामायण सर्किट योजना के तहत लगभग ₹13,000 करोड़ का बजट रखा गया है. वहीं अलग-अलग राज्यों में भी हजारों करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं, जैसे- उत्तर प्रदेश में अयोध्या-चित्रकूट रोड पर करीब ₹3300 करोड़, मध्य प्रदेश में 1450 किमी के हिस्से पर ₹2200 करोड़ से ज्यादा और छत्तीसगढ़ में पहले चरण के लिए ₹133.55 करोड़ रुपये.
मध्य प्रदेश सरकार का लक्ष्य अमरकंटक तक फैले इस 1450 किमी लंबे रास्ते को एक शानदार पर्यटन सर्किट बनाना है. इससे श्रद्धालुओं को श्रीराम के वनवास काल जैसा अनुभव मिलेगा और इस पूरे क्षेत्र की पहचान देश-विदेश में बनेगी.