बिश्नोई समाज ने भाजपा सांसद रेखा शर्मा के बयान पर कड़ा विरोध जताया है। समाज के प्रतिनिधियों ने गुरुवार शाम हरदा में एडीएम को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने सांसद से पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी के लिए सार्वजनिक माफी मांगने को कहा है। बिश्नोई समाज के प्रतिनिधियों ने अल्टीमेटम दिया है कि यदि रेखा शर्मा 5 दिनों के भीतर माफी नहीं मांगती हैं, तो समाज हर जिले में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएगा। समाज का कहना है कि चौधरी भजनलाल बिश्नोई रत्न और युगपुरुष थे, जिन्होंने 36 बिरादरी का सम्मान किया। समाज के अनुसार, सांसद रेखा शर्मा के कटु वचनों से न केवल बिश्नोई समाज, बल्कि सर्वसमाज की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने लोकतांत्रिक गरिमा बनाए रखने के लिए सार्वजनिक मंच से माफी की मांग की है। मध्य प्रदेश बिश्नोई समाज सभा की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि स्व. भजनलाल ने अपना पूरा जीवन जनसेवा के लिए समर्पित किया और हरियाणा में विकास के नए आयाम स्थापित किए। ऐसे सम्मानित व्यक्ति के खिलाफ इस प्रकार की टिप्पणी अशोभनीय है और इससे समाज की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है। ज्ञापन में प्रशासन से रेखा शर्मा के खिलाफ उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने और उन्हें समाज से सार्वजनिक रूप से बिना शर्त माफी मांगने का निर्देश देने का अनुरोध किया गया है। समाज ने इस विषय पर त्वरित न्याय की अपेक्षा की है।
Source link