इंदौर के पलासिया चौराहे पर एक तेज रफ्तार हुंडई वरना कार ने जमकर तांडव मचाया। रफ्तार इतनी तेज थी कि कार सबसे पहले स्मार्ट सिटी के बस स्टॉप से जा टकराई और उसे पूरी तरह तहस-नहस करते हुए सीधे पलासिया थाने के भीतर जा घुसी। इस टक्कर में बस स्टॉप मलबे के ढेर में तब्दील हो गया। घटना गुरुवार देर रात की है। जिस वक्त यह टक्कर हुई, उस समय बस स्टॉप के पास में ही एक व्यक्ति सो रहा था, वह चपेट में आने से बच गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और पुलिस थाने में भी हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार में चार युवक सवार थे। जैसे ही कार थाने के पास रुकते ही क्षतिग्रस्त हुई, चारों युवक फौरन गाड़ी से बाहर निकले और गाड़ी मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने जब गाड़ी के दस्तावेजों की जांच की, तो पता चला कि यह कार रतलाम के पिपलौदा निवासी महेश सुथार के नाम पर रजिस्टर्ड है। फिलहाल पलासिया थाना पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में ले लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार चारों युवकों की तलाश की जा रही है। रात 2 बजे बाद की घटना पलासिया टीआई सुरेंद्र सिंह रघुवंशी ने बताया कि लगभग रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच साकेत की तरफ से एक सफेद रंग की वरना तेज गति से आई थी। थाने के जस्ट कॉर्नर पर बाउंड्रीवॉल, स्मार्ट सिटी का फुटपाथ और रेलिंग को डैमेज करते हुए थाने में घुस गई। गाड़ी भी काफी क्षतिग्रस्त हुई है और पता चला है कि उसमें 4 व्यक्ति थे, जिन्हें ज्यादा चोट नहीं आई है। चूंकि यह देर रात की घटना है, तो इस पर अभी हम सीसीटीवी फुटेज और वाहन चालकों की डिटेल्स निकाल रहे हैं। गाड़ी के ओनर से भी अभी संपर्क हुआ है। इधर, जूनी इंदौर में भी हादसे की सूचना जूनी इंदौर थाना क्षेत्र में एक युवती ने कईं वाहनों को टक्कर मार दी। इससे अफरा तफरी मच गई। पुलिस मौके पर पहुंची पर लोगों ने कायमी से इनकार कर दिया। टीआइ अनिल गुप्ता के मुताबिक कार (MP09-MY1008) से टक्कर हुई है। कार त्रिवेणी कॉलोनी निवासी सौम्या जतिन राजपाल चला रही थी। कालेज छात्रा सौम्या टावर चौराहा से अग्रसेन चौराहा की तरफ जा रही थी। जैसे ही अग्रवाल स्वीट्स के पास पहुंची सौम्या घबरा गई और दोपहिया वाहनों को टक्कर मारते हुए अनिल हार्डवेयर की दुकान में जा घुसी। संयोग से उस वक्त दुकान बंद हो चुकी थी। टक्कर से स्कूटर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
Source link