इंदौर में बैंक कर्मचारी बनकर बुजुर्ग को लगाया कॉल: कहा- डिटेल्स अपडेट नहीं हुई, पेंशन बंद हो जाएगी; निवेश के झांसे में गंवाए 3 लाख – Indore News

इंदौर में बैंक कर्मचारी बनकर बुजुर्ग को लगाया कॉल:  कहा- डिटेल्स अपडेट नहीं हुई, पेंशन बंद हो जाएगी; निवेश के झांसे में गंवाए 3 लाख – Indore News




इंदौर के भंवरकुआं थाना क्षेत्र में धोखाधड़ी के दो मामले सामने आए हैं। दोनों मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक मामले में बदमाश ने बैंक कर्मचारी बनकर बुजुर्ग महिला को कॉल किया और उनके दो बैंक खातों से 1 लाख 49 हजार 727 रुपए निकाल लिए। दूसरे मामले में एक युवक ने यूट्यूब पर विज्ञापन देखा। विज्ञापन पर क्लिक करते ही वह एक वेबसाइट पर पहुंचा, जहां निवेश का लालच देकर बदमाशों ने उससे तीन लाख रुपए ठग लिए। दोनों मामलों में पुलिस जांच कर रही है। पहला मामला: खुद को SBI का कर्मचारी बताया भंवरकुआं पुलिस के मुताबिक, शिवमोती नगर निवासी राखी आहुजा (71) की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। बदमाश ने महिला को कॉल कर खुद को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) का कर्मचारी बताया और पेंशन योजना के नाम पर बातचीत शुरू की। उसने महिला से कहा कि यदि बैंक डिटेल अपडेट नहीं की गई तो उनकी पेंशन बंद हो जाएगी। इसके बाद बदमाश ने उनके बैंक खातों की जानकारी, पासवर्ड और ओटीपी हासिल कर लिया। फिर स्क्रीन शेयरिंग के जरिए उनके दो बैंक खातों से 1 लाख 49 हजार 727 रुपए निकाल लिए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दूसरा मामला: यूट्यूब विज्ञापन के जरिए ठगी भंवरकुआं थाना क्षेत्र में रामप्रीत गुर्जर की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। फरियादी ने पुलिस को बताया कि उसने यूट्यूब पर एक कंपनी का विज्ञापन देखा। विज्ञापन के जरिए वह एक वेबसाइट पर पहुंचा, जहां निवेश पर ज्यादा मुनाफे का लालच दिया है। फरियादी इस झांसे में आ गया और उससे तीन लाख रुपए की धोखाधड़ी कर ली गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।



Source link