हरदा में आंधी-तूफान से पेड़ उखड़े, टीन उड़े: गर्मी से मिली राहत; सिराली में दो झोपड़ियों में आग – Harda News

हरदा में आंधी-तूफान से पेड़ उखड़े, टीन उड़े:  गर्मी से मिली राहत; सिराली में दो झोपड़ियों में आग – Harda News




हरदा में शनिवार शाम अचानक मौसम ने करवट ली। तेज हवा और आंधी के कारण कई घरों के टीन उड़ गए और पेड़ उखड़कर सड़कों पर गिर गए। इसी दौरान जिले के सिराली में दो झोपड़ियों में आग लगने से गृहस्थी का सारा सामान जलकर खाक हो गया। हालांकि, इस बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। शहर में करीब आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर पेड़ टूटे हैं। गनीमत रही कि इन घटनाओं में किसी तरह के जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ। जिला मुख्यालय के नया बस स्टैंड पर बन रही 10 करोड़ रुपए की लागत वाली बिल्डिंग के निर्माण के लिए लगाई गई टिन की बाउंड्री वॉल भी तेज हवा के कारण उखड़कर गिर गई। झोपड़ियों में आग से गृहस्थी का सामान राख
उधर, सिराली मुख्यालय के वार्ड नंबर 15 स्थित ग्राम विक्रमपुर के पास खेत किनारे बनी दो झोपड़ियों में तेज हवा के कारण आग लग गई। इससे दोनों झोपड़ियों में रखा सारा गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया जा सका। बताया जा रहा है कि मक्का की फसल लगे खाली खेत में लगी आग की लपटें झोपड़ियों तक पहुंच गईं, जिससे यह हादसा हुआ। मौसम विभाग ने पहले ही प्रदेश के कई जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान, ओलावृष्टि और बारिश का अलर्ट जारी किया था। हरदा में शनिवार को तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जिससे लोग गर्मी से बेहाल थे। प्रशासन ने लोगों से अपील की कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर न रहें। पेड़ों और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखें और सुरक्षित स्थान पर शरण लें। मौसम में अचानक बदलाव को देखते हुए किसानों और आम नागरिकों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।



Source link