Last Updated:
भोपाल में अयोध्यानगर थाना पुलिस ने एक ऐसे शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो गाड़ियों को किराए पर लगवाने का झांसा देकर उन्हें बेच देता था. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.उसके कब्जे से महंगी चारपहिया गाड़ियां जब्त की हैं
Bhopal Car Rental Scam
राजधानी भोपाल में वाहन ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां अयोध्यानगर थाना पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो लोगों को गाड़ियों को किराए पर लगवाने का लालच देकर ठगी का शिकार बनाता था. इस गिरोह के सदस्य खासतौर पर ग्रामीण इलाकों के लोगों को निशाना बनाते थे. उन्हें सरकारी विभागों में गाड़ी अटैच कराने का झांसा देते थे.
पुलिस के अनुसार, आरोपी टीकमगढ़, सागर और दमोह जिलों से गाड़ियां किराए पर लेकर भोपाल लाते थे. गाड़ी मालिकों को यह भरोसा दिलाया जाता था कि उनकी गाड़ियों को सरकारी विभागों में लगवाकर अच्छा किराया दिलाया जाएगा. लेकिन भोपाल लाने के बाद आरोपी उन गाड़ियों को चोरी-छिपे बेच देते थे. फरार हो जाते थे.मामले में पुलिस ने एक आरोपी आलोक चौबे को गिरफ्तार किया है, जिससे पूछताछ जारी है.उसकी निशानदेही पर पुलिस ने इनोवा, एक्सयूवी सहित कुल 5 चारपहिया वाहन जब्त किए हैं, जिनकी कीमत करीब 80 लाख रुपये आंकी गई है। यह कार्रवाई पुलिस के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है.
किराए के नाम पर बेच देता था गिरोह
जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह लंबे समय से इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहा था.अब तक कई लोगों को अपना शिकार बना चुका है. पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर इस पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है, ताकि अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जा सके.अयोध्यानगर थाना पुलिस का कहना है कि इस मामले में और भी खुलासे होने की संभावना है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने अब तक कितनी गाड़ियों को इसी तरह बेचकर ठगी की है और किन-किन लोगों को नुकसान पहुंचाया है.इस घटना के बाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी व्यक्ति या संस्था के झांसे में आकर अपनी गाड़ी किराए पर न दें और पहले पूरी जांच-पड़ताल करें. फिलहाल पुलिस की जांच जारी है.उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही इस गिरोह के अन्य सदस्य भी गिरफ्त में होंगे.