राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ में शनिवार दोपहर नेशनल हाईवे-46 पर दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। गुर्जर ढाबे के सामने बोड़ा जोड़ पर तेज रफ्तार कंटेनर (HR 58 F 3184) ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कंटेनर युवक को करीब 100 फीट तक घसीटता ले गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि युवक का एक हाथ का पंजा कटकर अलग हो गया, जबकि दोनों पैर बुरी तरह कुचल गए। घटना के बाद कंटेनर चालक ने कुछ दूरी पर वाहन रोका और मौके से फरार हो गया। हाईवे पर मचा हड़कंप, लोगों की भीड़ जुटी हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस को बुलाया गया। इस दौरान शव सड़क पर ही पड़ा रहा, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही नरसिंहगढ़ टीआई शिवराज सिंह चौहान टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सड़क पर क्षतिग्रस्त बाइक और कुछ दूरी पर युवक का कटा हुआ पंजा मिला। करीब 100 फीट दूर शव पड़ा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल भिजवाया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है और शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं फरार कंटेनर चालक की तलाश भी तेज कर दी गई है।
Source link