बड़वानी कृषि मंडी में आग, 5 क्विंटल सौंप जली: 20 क्विंटल बुझाने के दौरान भीगी, व्यापारियों को 15 से 20 लाख का नुकसान – Barwani News

बड़वानी कृषि मंडी में आग, 5 क्विंटल सौंप जली:  20 क्विंटल बुझाने के दौरान भीगी, व्यापारियों को 15 से 20 लाख का नुकसान – Barwani News




बड़वानी की कृषि उपज मंडी में शनिवार रात आग लगने से 4-5 व्यापारियों की दुकानों में रखा लाखों का माल जलकर राख हो गया। व्यापारियों का कहना है कि इस आगजनी में करीब 15 से 20 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। व्यापारियों की 4 से 5 क्विंटल सौंप जली है और करीब 20 क्विंटल सौंप आग बुझाने के दौरान भीग गई। अब ये सौंप भी खराब हो जाएगी। आग कैसे लगी, इसका सही कारण अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन शक जताया जा रहा है कि किसी की सिगरेट की चिंगारी से यह हादसा हुआ होगा। आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड मौके पर तो पहुंची, लेकिन व्यापारियों ने माल खराब होने के डर से उसका ज्यादा इस्तेमाल नहीं करने दिया। घटना के बाद मंडी के व्यापारियों में प्रशासन के खिलाफ भारी नाराजगी है। मंडी प्रशासन पर लगे आरोप व्यापारी अशरफ अली ने मंडी की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि यहां सुविधाएं शून्य हैं। मंडी में बिजली की सही व्यवस्था नहीं है और स्ट्रीट लाइटें भी बंद रहती हैं। लाखों का माल खुले में रहता है, लेकिन सुरक्षा के नाम पर कुछ नहीं है। यहां तक कि मंडी में लगे सीसीटीवी कैमरे भी बंद पड़े हैं। व्यापारियों का कहना है कि प्रशासन सिर्फ टैक्स वसूलने में लगा है, सुविधाओं पर कोई ध्यान नहीं देता। अवैध सब्जी मंडी का विवाद एक अन्य व्यापारी नवेद मंसूरी ने बताया कि यह असल में अनाज मंडी है, लेकिन यहां अवैध रूप से सब्जी मंडी चलवाई जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सब्जी वालों को मंडी प्रशासन का सहारा मिला हुआ है, जिसकी वजह से अनाज व्यापारियों को काफी परेशानी और अव्यवस्था का सामना करना पड़ता है। व्यापारियों ने मांग की है कि सब्जी मंडी को उनके तय स्थान पर शिफ्ट किया जाए और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।



Source link