इटारसी18 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
प्रतिकात्मक चित्र
गोवा से नई दिल्ली जा रही गोवा एक्सप्रेस के एस-4 कोच में सफाई कर्मचारी रोशन के पिट्ठू बैग से शराब की 22 बोतलें मिलीं। यह कर्मचारी कर्नाटक का निवासी है। आरपीएफ का मानना है कि गोवा में शराब के रेट कम होने से उक्त कर्मी वहां से बैग में बोतलें भरकर या तो ट्रेन में यात्रियों को बेचता होगा या किसी स्टेशन पर एजेंट के हवाले कर देता होगा।
इटारसी आरपीएफ निरीक्षक ने एसआई निधि चौकसे, अजीत सिंह तथा कॉन्स्टेबल योगेश कुमार को जांच के लिए ट्रेन में भेजा। ट्रेन इटारसी से रवाना हो गई थी। पवारखेड़ा तक ट्रेन पहुंची थी कि एस-4 कोच में 19 साल का सफाई कर्मचारी रोशन अहमद शक के घेरे में आ गया। वह वर्दीधारी आरपीएफ बल को देखकर डर गया। जब उससे पूछताछ की तो वह घबरा गया।
उसके लाल व काले रंग के पिट्ठू बैग को चेक करने पर उसमें ब्रांडेड शराब से भरी 22 बोतलें सील मिली। उक्त कर्मी इस बारे में संतोषजनक उत्तर नहीं दे सका। अगले स्टेशन भोपाल में ट्रेन के रुकने पर आरोपी को जब्त शराब के साथ इटारसी आरपीएफ पोस्ट लाया गया। वह दवानगरी कर्नाटक का रहने वाला है। आरोपी रोशन को अग्रिम कार्रवाई के लिए जीआरपी को सुपुर्द कर दिया है।