रावलपिंडी: पाकिस्तान और जिम्बाब्वे के बीच पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान पाक के बाएं हाथ के अनुभवी तेज गेंदबाज वहाब रियाज (Wahab Riaz) ने गेंद पर लार लगाकर कोविड-19 नियमों का उल्लंघन कर दिया. उनकी इस गलती के लिए अंपायरों ने उन्हें चेतावनी दी.
यह घटना जिम्बाब्वे की पारी के 11वें ओवर में हुई जब गेंदबाजी के लिए वहाब को अंपायर अलीम दार और एशिया याकूब ने गेंद पर लार लगाते हुए देखा और उन्होंने गेंदबाज को गेंद को जमीन पर रखने को कहा.
रिजर्व अंपायर इसके बाद मैदान पर वाइप्स लेकर आए जिससे अंपायरों से गेंद को साफ किया और फिर खेल दोबारा शुरू हुआ.
Sanitising ball as Wahab Riaz applied saliva. #PakVsZim pic.twitter.com/lD1G6Wd7ho
— Ram (@imRamaReddy) November 7, 2020
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और अब कमेंटेटर रमीज राजा ने मजाकिया लहजे में कहा कि गेंद साफ करते हुए ऐसा लग रहा है कि मानो अंपायर हैंड ग्रेनेड छू रहे हों.
अगस्त में पाकिस्तान के तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर को ओल्ड ट्रैफर्ड में इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान गेंद पर लार लगाने के लिए चेतावनी दी गई थी.
इसके अलावा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2020) के दौरान रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के कप्तान विराट कोहली और राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाज रॉबिन उथप्पा को भी क्षेत्ररक्षण के दौरान गेंद पर लार लगाते हुए देखा गया था.
बता दें कि अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के नियमों के अनुसार गेंद पर लार लगाने के लिए तीन बार चेतावनी दिए जाने के बाद गेंदबाजी टीम पर पांच अंक की पेनल्टी लगाई जाती है.
(इनपुट-भाषा)