Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
उज्जैन19 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
दुष्कर्म की प्रतीकात्मक तस्वीर
उज्जैन में देवासगेट थाना पुलिस ने आगर जिले के डोबड़ा गांव के पूर्व सरपंच के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है। महिला का आरोप है कि पूर्व सरपंच ने उसके पति को फर्जी केस में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी देकर शारीरिक शोषण किया। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि आगर के डग थाना क्षेत्र के डोबड़ा गांव के पूर्व सरपंच बालू सिंह के खिलाफ उसी के गांव की महिला ने शिकायत की है। महिला पिछले 10-12 साल से उज्जैन के नीलगंगा थाना क्षेत्र के अमरदीप नगर में रहती है। वह दूसरे के घरों में झाड़ू पोंछा लगाकर जीवन यापन करती है। उसका आरोप है कि बालू सिंह दो दिन पहले आया और उसे रेलवे स्टेशन के पास एक होटल में मिलने बुलाया। परिचित होने के कारण वह चली गई।
वहां बालू ने उसके पति को फर्जी केस में फंसाकर जेल भिजवा देने की धमकी देकर शारीरिक शोषण किया। लोकलाज के डर से उसने शिकायत दर्ज नहीं कराई। शनिवार को हिम्मत कर वह थाने आई और आपबीती सुनाई। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद पूर्व सरपंच के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज किया है।