87 लाख के चेक बाउंस केस में फटकार: जबलपुर हाईकोर्ट ने कहा- ऑनलाइन दिख रहा आरोपी, फिर क्यों नहीं पकड़ पा रही पुलिस? – Jabalpur News

87 लाख के चेक बाउंस केस में फटकार:  जबलपुर हाईकोर्ट ने कहा- ऑनलाइन दिख रहा आरोपी, फिर क्यों नहीं पकड़ पा रही पुलिस? – Jabalpur News




मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने 87 लाख रुपए के चेक बाउंस मामले में फरार आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर सख्त रुख अपनाया है। कोर्ट ने कहा कि आरोपी सोशल मीडिया पर एक्टिव है, इसके बावजूद पुलिस उसे पकड़ नहीं पा रही है। कोर्ट ने भोपाल पुलिस कमिश्नर को निर्देश दिए हैं कि आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। जस्टिस बीपी शर्मा की सिंगल बेंच ने सुनवाई के दौरान कहा कि आरोपी के खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी है, इसके बावजूद गिरफ्तारी नहीं होना गंभीर लापरवाही है। हाईकोर्ट ने कहा कि पुलिस को आधुनिक तकनीक और सोशल मीडिया का उपयोग कर आरोपी को ट्रेस करना चाहिए। साथ ही वारंट का तत्काल पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कोर्ट ने कहा कि याचिकाकर्ता आरोपी के सोशल मीडिया अकाउंट्स की जानकारी पुलिस को दे। पुलिस इनपुट के आधार पर लोकेशन ट्रेस कर जल्द गिरफ्तारी करे। क्या है मामला मामला भोपाल निवासी अनूप शुक्ला की याचिका से जुड़ा है। उन्होंने बताया कि भिंड निवासी आरोपी विनय कुमार शर्मा पर 87 लाख रुपए के चेक बाउंस का केस दर्ज है। निचली अदालत ने 27 दिसंबर 2025 को आरोपी के खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया था, लेकिन अब तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी। याचिकाकर्ता के वकील प्रशांत दुबे ने कोर्ट को बताया कि आरोपी भिंड में रह रहा है और फेसबुक-व्हाट्सएप पर लगातार सक्रिय है। इसके बावजूद पुलिस के पास इनपुट होने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई।



Source link