शाजापुर जिले के सुनेरा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह करीब 9 बजे रेलवे पटरी के पास एक व्यक्ति का शव मिला। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। यह घटना ग्राम सुनेरा के पास रेलवे पोल नंबर 1271/5 और 1271/6 के बीच हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, व्यक्ति की मौत रात को ट्रेन से गिरने के कारण हुई है। सुनेरा थाना प्रभारी अंकित मुकाती पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस जांच में मृतक की पहचान मुकेश पिता प्रभुलाल के रूप में हुई है। मुकेश राजगढ़ जिले के ग्राम सूरजखेड़ी का निवासी था। बताया जा रहा है कि मुकेश किसी ट्रेन से यात्रा कर रहा था, तभी वह गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि, वह किन परिस्थितियों में ट्रेन से गिरा, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर लिया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस अब मामले के हर पहलू से गहनता से जांच कर रही है ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
Source link