India vs Australia 2020: पैट कमिंस वनडे सीरीज में नहीं खेलेंगे? (फोटो- कमिंस इंस्टाग्राम)
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे सीरीज का आगाज 27 नवंबर से हो रहा है. इस बीच पैट कमिंस (Pat Cummins) ने कहा है कि उन्होंने वनडे सीरीज खेलने पर अबतक फैसला नहीं लिया है.
नई दिल्ली. ऑस्ट्रेलिया के मैच विनर तेज गेंदबाज पैट कमिंस (Pat Cummins) ने सोमवार को कहा कि उन्होंने भारत के खिलाफ 27 नवंबर से शुरू हो रही सीमित ओवरों की श्रृंखला में खेलने को लेकर अब तक कोई फैसला नहीं किया है. उन्होंने साथ ही कहा कि तीन महीने जैविक रूप से सुरक्षित माहौल में रहने के बाद भी वह तरोताजा महसूस कर रहे हैं. इंडियन प्रीमियर लीग में कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से खेलने के बाद पिछले हफ्ते यूएई से लौटे कमिंस अगस्त के अंत में इंग्लैंड पहुंचने के बाद से जैविक रूप से सुरक्षित माहौल का हिस्सा हैं लेकिन उन्होंने थकान के डर को खारिज किया.
कमिंस ने कहा-सीरीज खेलने पर विकल्प खुले
भारत के खिलाफ दिसंबर में शुरू होने वाली टेस्ट श्रृंखला से पहले आराम के बारे में पूछे जाने पर कमिंस (Pat Cummins) ने कहा, ‘इस पर अब तक मैंने अंतिम फैसला नहीं किया है. यह अभूतपूर्व समय है और इतने सारे लोग लंबा समय जैविक रूप से सुरक्षित माहौल में गुजार रहे हैं इसलिए हमने सभी विकल्प खुले रखे हैं और जब सब एक साथ होंगे तो इस पर बात करेंगे.’ कमिंस को ऑस्ट्रेलिया की वनडे सीरीज और टेस्ट क्रिकेट की टीम में उप कप्तान के रूप में जगह दी गई है. एडीलेड में 17 दिसंबर से शुरू होने वाली चार टेस्ट मैचों की श्रृंखला से पहले सीमित ओवरों की सीरीज सिडनी और कैनबरा में खेली जाएगी. सीमित ओवरों की टीम में जिन टेस्ट खिलाड़ियों को भी जगह दी गई है उनमें स्टीव स्मिथ और डेविड वार्नर भी शामिल हैं. इन सभी को एडीलेड में होने वाले पहले दिन-रात्रि टेस्ट की तैयारी के लिए सिर्फ एक हफ्ते का समय मिलेगा. ‘क्रिकेट.कॉम.एयू’ ने कमिंस की वीडियो कांफ्रेंस के हवाले से कहा, ‘मुझे हैरानी नहीं होगी जब गर्मियों के दौरान ऐस समय आएगा जब कुछ खिलाड़ियों को थोड़े आराम की जरूरत होगी क्योंकि अगले कुछ महीने काफी व्यस्त हैं और फिर दक्षिण अफ्रीका दौरे (फरवरी-मार्च) के अलावा कुछ और दौरे करने हैं.’
कमिंस ने कहा-सीरीज खेलने पर विकल्प खुले