- कानपुर के बिकरू में 2 जुलाई को विकास और उसकी गैंग ने 8 पुलिसवालों की हत्या कर दी थी
- बाबा महाकाल के दर्शन करने पहुंचा विकास मंदिर परिसर में करीब 2 घंटे तक घूमता रहा
दैनिक भास्कर
Jul 09, 2020, 06:35 PM IST
उज्जैन. कानपुर के बिकरू गांव में 8 पुलिसवालों की शूटआउट में हत्या के बाद फरार हुआ विकास दुबे गुरुवार को नाटकीय तरीके से पुलिस की गिरफ्त में आ गया। एक दिन पहले ही यह खबरें आई थीं कि वह फरीदाबाद के एक होटल में कमरा लेकर रुका था। इसके सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए थे, लेकिन इसके बाद गुरुवार सुबह वह उज्जैन पहुंचा और सरेंडर के इरादे से ही वह महाकाल मंदिर में गया। इन सबके बीच एक और जानकारी सामने आई है कि विकास उज्जैन में एक शराब व्यापारी के घर रुका था। इस मामले में पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
पुलिस के अनुसार विकास ने वीआईपी टिकट लेकर दर्शन किए थे। सूत्रों की माने तो वह यहां उज्जैन के एक शराबी व्यापारी के घर रुका था। विकास दुबे की मदद करने के मामले में पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है। पता चला है कि हिरासत में शराब व्यापारी के साथ उसके मैनेजर और और दो अन्य सहयोगियों को लिया गया है। हालांकि पुलिस ने अभी इस बात की पुष्टि नहीं की है। उनका कहना है कि मामले में जांच की जा रही है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में सभी बातें स्पष्ट की जाएंगी। इसके अलावा, सूत्रों के हवाले से यह भी पता चला है कि यूपी एसटीएफ चार्टर्ड प्लेन से इंदौर आ रही है। यहां से वह उज्जैन पहुंचेगी और उज्जैन से विकास को लेकर इंदौर होते हुए इसी विमान से उप्र के लिए उड़ान भरेगी।
ऐसे पकड़ाया
विकास दुबे गुरुवार सुबह महाकाल मंदिर पहुंचा। यहां पर उसने वीआईपी रसीद कटवाई और बाबा के दर्शन करने पहुंचा। इस दौरान उसे एक दुकान संचालक और सुरक्षाकर्मी ने पहचान लिया था। सुरक्षाकर्मी ने अपने वरिष्ठों की इसकी जानकारी दी और उसके पीछे लग गया। दर्शन कर लौट रहे विकास को पुलिस जवानों और सुरक्षाकर्मियों ने चौकी पर बिठा लिया। पकड़ में आने के बाद वह मैं कानपुर वाला विकास दुबे हूं… ऐसा चिल्लाने लगा। पुलिस ने मोबाइल नंबर से भी इस बात की पुष्टि की।
7 दिन में विकास दुबे गैंग के 5 बदमाशों का एनकाउंटर
पुलिस ने बुधवार को ही विकास के करीबी अमर दुबे का भी एनकाउंटर कर दिया था। अमर हमीरपुर में छिपा था। अब तक विकास गैंग के 5 लोग एनकाउंटर में मारे जा चुके हैं। विकास की तलाश में यूपी के अलावा दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान पुलिस अलर्ट है। विकास मंगलवार को फरीदाबाद के एक होटल में देखा गया था, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो गया।