- पुलिस और प्रशासन ने सख्ती से कराया लॉकडाउन का पालन
दैनिक भास्कर
Jul 13, 2020, 04:23 AM IST
कालीदेवी. रविवार को संपूर्ण लॉकडाउन का पुलिस व प्रशासन की टीम ने सख्ती से पालन कराया। बिना वजह वाहन लेकर घूम रहे लोगों के वाहन जब्त कर चालानी कार्रवाई की गई। सभी को मास्क पहनने व सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने की समझाइश दी गई।
डिप्टी कलेक्टर ज्योति परस्ते, नायब तहसीलदार हर्षल बेहरानी, थाना प्रभारी गौरव पाटिल, सब इंस्पेक्टर अशफाक खान, माछलिया चौकी प्रभारी नरेंद्र राठौर ने बस स्टैंड पर आने-जाने वाले वाहनों को रोककर उनकी जांच की। वहीं बिना मास्क लगाए घूम रहे लोगों को मास्क पहनने व सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने की समझाइश दी। इस दौरान एक महिला अपने बच्चे के साथ स्कूटी पर सवार होकर गुजर रही थी। बच्चे ने मुंह पर मास्क नहीं लगा रखा था। इस पर टीम ने स्कूटी को रुकवा कर रूमाल से बालक का मुंह बंधवाया।
भारत सरकार का मोनो लगाकर आई बोलेरो (एमपी 09 डब्ल्यूबी 3253) को रोककर वाहन मालिक से जब वाहन के बारे में पूछा गया तो उसने बताया कि यह बीएसएनएल के अंतर्गत अटैच वाहन है जिस पर नायब तहसीलदार ने अटैच वाहन का निजी उपयोग करने पर वाहन मालिक को फटकार लगाई व अटैच शासकीय वाहन उपयोग नहीं करने की समझाइश देकर
चालान बनाया। वाहन में छापरी निवासी वाहन मालिक द्वारा 9 महिलाओं को बिठाकर रोटला की ओर जा रहा था। जिस पर टीम द्वारा कार्रवाई की गई।