BYE BYE 2020: भारतीय क्रिकेट के लिए बुरा रहा साल 2020 (साभार-बीसीसीआई और हरमनप्रीत कौर इंस्टाग्राम)
साल 2020 में टीम इंडिया कोई बड़ी उपलब्धि हासिल नहीं कर सकी, उसके कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) तो पूरे साल शतक के लिए तरसे
- News18Hindi
- Last Updated:
December 25, 2020, 11:52 PM IST
टीम इंडिया का 2020 में प्रदर्शन
भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने साल 2020 में महज 23 इंटरनेशनल मैच खेले. भारत ने 23 टेस्ट, 11 टी20 और 9 वनडे मैचों में हिस्सा लिया. 2020 में खेले सभी 3 टेस्ट मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा. न्यूजीलैंड दौरे पर टीम इंडिया दो टेस्ट मैचों की सीरीज हारी और फिर एडिलेड में उसे बेहद ही शर्मनाक अंदाज में हार का मुंह देखना पड़ा. टीम इंडिया सिर्फ 36 रन पर सिमट गई जो उसके टेस्ट इतिहास का सबसे खराब प्रदर्शन है.
भारत ने 9 में से 3 ही वनडे मैच जीते हालांकि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उसने टी20 सीरीज जरूर जीती. टीम इंडिया ने 11 में से 10 टी20 मैचों में जीत हासिल की. कम से कम इस मोर्चे पर टीम इंडिया ने अच्छा ही प्रदर्शन किया.कप्तान विराट कोहली के लिए भी बुरा साल रहा 2020
कप्तान विराट कोहली के लिए भी साल 2020 बुरा साबित हुआ. शतकों का अंबार लगाने वाले विराट कोहली इस साल एक भी शतक नहीं लगा पाए. उनका 2020 में सर्वश्रेष्ठ स्कोर 89 रन रहा. साल 2008 में जब विराट कोहली ने डेब्यू किया था, उस दौरान ही वो पूरे साल शतक नहीं लगा पाए थे. अब उनके करियर में दूसरी बार ऐसा हुआ है जब वो एक साल में कोई शतक नहीं लगा सके हों.
बाय बाय 2020: इन खूबसूरत खिलाड़ियों ने इस साल खेल जगत को कहा अलविदा
महिला क्रिकेट टीम वर्ल्ड चैंपियन बनने से चूकी
महिला क्रिकेट टीम की बात करें तो उसके लिए साल 2020 बेहद ही निराशाजनक रहा. टीम ने सिर्फ 11 इंटरनेशनल मैच खेले और वो सभी टी20 मैच ही रहे. हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में टीम इंडिया ने 8 मैच जीते लेकिन उसे साल की सबसे बड़ी हार टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में मिली. फाइनल मैच में उसे मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने एकतरफा अंदाज में हराया और उस हार के बाद टीम इंडिया की खिलाड़ियों के आंखों में आंसू देखे गए. भारतीय क्रिकेट के लिए साल 2020 आंखें भिगोने वाला ही रहा. उम्मीद है कि साल 2021 उसके लिए कामयाबी लेकर आएगा और टीम इंडिया सफलता के झंडे गाड़ेगी.