Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
इंदौर8 मिनट पहले
खजराना गणेशजी
कोरोना महामारी के बीच इंदौर में नए साल का स्वागत प्रथम पूजनीय भगवान गणेश के दर्शन और पूजन से हुआ। खजराना गणेश मंदिर में देर रात से ही भक्तों का तांता लगा रहा। सुबह भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और कतारबद्ध होकर भगवान के दर्शन किए। भगवान गणेश को प्रथम पूजनीय देव माना गया है। किसी भी शुभ काम को शुरू करने से पहले भगवान गणेश को पूजा जाता है। यही वजह है कि इंदौर के लोगों ने नए साल की शुरुआत खजराना गणेश मंदिर में दर्शन कर की। भक्तों का मानना है कि साल के पहले दिन श्री गणेश की आराधना से मांगी गई सभी मनोकामना पूर्ण होगी। इसी विश्वास के साथ बड़ी संख्या में भक्तों की भीड़ खजराना मंदिर पहुंची। कतारबद्ध होकर लोगों ने गणेशजी के दर्शन किए। देर रात से सुबह 10 बजे तक लगभग 60 हजार से ज्यादा लोग दर्शन कर चुके है। दिनभर में यह संख्या 3 लाख से अधिक पहुचने की उम्मीद मंदिर प्रबंधन जता रहा है।