शोएब अख्तर ने बुमराह की तुलना पाकिस्तानी गेंदबाजों से की, कहा-5 सेकेंड में पैदा करते हैं खौफ

शोएब अख्तर ने बुमराह की तुलना पाकिस्तानी गेंदबाजों से की, कहा-5 सेकेंड में पैदा करते हैं खौफ


बुमराह के मुरीद हुए शोएब अख्तर, कह दी बड़ी बात(साभार-एपी)

जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) आखिर इतने सफल गेंदबाज क्यों हैं इसकी वजह शोएब अख्तर (Shoaib Akhtar) ने बताई, कहा-उनके अंदर अकरम, वकार जैसी कला

नई दिल्ली. पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शोएब अख्तर (Shoaib Akhtar) ने जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) को मौजूदा क्रिकेट का ‘सबसे चतुर तेज गेंदबाज’ करार देते हुए कहा कि उन्होंने विरोधी बल्लेबाजों को उसी तरह छकाने की कला सीख ली है जिस तरह से कभी उनके देश के गेंदबाज किया करते थे. इस खेल को खेलने वाले सबसे तेज गेंदबाजों में से एक अख्तर बुमराह के कौशल से प्रभावित हैं. अख्तर ने यू-ट्यूब चैनल ‘स्पोर्ट्स टुडे’ से कहा, ‘ वह शायद भारत के पहले गेंदबाज है जो पिच पर घास देखने से पहले यह पता करते हैं कि हवा किस और किस गति से बह रही है. यह कला पहले पाकिस्तान के गेंदबाजों के पास थी. हम जानते थे कि हम हवा का कैसे इस्तेमाल कर सकते है.’

शोएब अख्तर ने बुमराह की तारीफ करते हुए अपना, वसीम अकरम और वकार यूनुस का उदाहरण देते हुए समझाया कि कैसे वे गेंदबाजी के समय हवा का इस्तेमाल करते थे. उन्होंने कहा, ‘ मैं, वसीम भाई और वकार भाई हवा की गति और दिशा देखकर तय करते थे कि किस छोर से गेंदबाजी करने पर हमें रिवर्स स्विंग मिलेगी.’ अख्तर ने कहा, ‘हम तेज गेंदबाजी के ‘मैकेनिक और एयरो डायनामिक्स’ को जानते थे, हमें पता होता था कि दिन के किस समय कितनी स्विंग मिलेगी. मैं मानता हूं कि बुमराह इस तरह की चीजों को जानते हैं.’

अख्तर ने कहा कि मोहम्मद आसिफ और मोहम्मद आमिर के बाद चतुराई के मामले में बुमराह ‘ सबसे काबिल गेंदबाज’ हैं. बुमराह महज पांच सेकेंड के अंदर बल्लेबाजों को डरा देते हैं. उन्होंने कहा, ‘विकेट लेने की क्षमता के कारण बुमराह सिर्फ पांच सेकेंड (रनअप) में बल्लेबाजों को डरा देते हैं.’

बुमराह का ऑस्ट्रेलिया सीरीज में प्रदर्शनजसप्रीत बुमराह ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 2 मैचों में 8 विकेट झटके हैं. बुमराह विकेट लेने के मामले में नंबर 1 तो नहीं हैं लेकिन इस तेज गेंदबाज ने एक छोर से ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को बांधकर रखा है. बुमराह की बाउंसर्स का ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों के पास कोई जवाब नहीं है. बुमराह खुद के अलावा अपने साथी खिलाड़ियों को भी विकेट लेने के टिप्स दे रहे हैं. मेलबर्न टेस्ट में डेब्यू करने वाले मोहम्मद सिराज ने बताया कि कैसे बुमराह की सलाह ने उनकी काफी मदद की. (भाषा के इनपुट के साथ)








Source link