एमपी एटीएस की टीम ने छोटी बच्चियों से रेप के आरोपी प्यारे मियां से पांच घंटे लंबी पूछताछ की. इसमें उसने कई अहम जानकारियां दी
सोमवार को प्यारे मियां (Pyare Mian) से एटीएस की टीम ने लंबी पूछताछ की. इसमें आरोपी ने जो राज की बातें उगली हैं. उन जानकारियों के आधार पर एटीएस (ATS Investigation) उस चेन की कड़ियों को जोड़ने में जुट गई है
नाबालिग बच्चियों के रेप और उनका अबॉर्शन कराने के आरोपी प्यारे मियां को पिछले हफ्ते श्रीनगर के एक होटल से गिरफ्तार किया गया था. आरोपी पांच दिन के पुलिस रिमांड पर है. पुलिस लगातार उससे पूछताछ कर रही है. पाकिस्तान कनेक्शन जुड़ने की वजह से केंद्रीय और राज्य की सुरक्षा और खुफिया एजेंसियां प्यारे मियां से लगातार पूछताछ कर रही हैं. साथ ही वो पूरे मामले पर भी नजर बनाए हुए हैं.
मध्य प्रदेश की एटीएस की चार सदस्यीय टीम ने आरोपी प्यारे मियां से पूछताछ की. पांच घंटे से ज्यादा चली पूछताछ के दौरान आरोपी के कई कनेक्शन को खंगालने की कोशिश की गई. एटीएस अपने साथ सवालों की सूची तैयार कर ले गई थी और आरोपी से उन्हीं सवालों को पूछा गया. इंटेलिजेंस के अधिकारी भी लगातार आरोपी से जुड़े डाटा को इकट्ठा कर रहे हैं. राज्य की एजेंसियों ने केंद्रीय एजेंसियों से प्यारे मियां से पूछताछ के दौरान मिली जानकारियों को साझा किया है.
आरोपी प्यारे मियां के इन कनेक्शन पर नजर…1. आरोपी प्यारे मियां के पाकिस्तानी कनेक्शन को भी खंगाला जा रहा है. बताया गया है कि पाकिस्तान में उसके कई लोगों से संपर्क हैं. उसके जम्मू-कश्मीर कनेक्शन को भी एटीएस की टीम खंगाल रही है कि आरोपी फरार होने के बाद श्रीनगर क्यों गया था. क्या आरोपी यहां से पाकिस्तान भागने की फिराक में था. जम्मू-कश्मीर में सक्रिय आतंकी संगठनों से आरोपी का कोई कनेक्शन है क्या. पाकिस्तान में जिन लोगों से आरोपी का संपर्क है, क्या वो सभी किसी आतंकी संगठन या फिर पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े हैं. आरोपी से हुई पूछताछ में इन तमाम बिंदुओं पर जानकारी ली गई.
2. आरोपी प्यारे मियां के अंडरवर्ल्ड कनेक्शन की भी पड़ताल की जा रही है. आरोपी दुबई, सिंगापुर, मलेशिया समेत कई देशों की यात्राएं कर चुका था. उसके विदेश में सक्रिय अंडरवर्ल्ड कनेक्शन को भी खंगाला जा रहा है. पुलिस को पूछताछ में इस बात के सबूत मिले हैं कि आरोपी बड़े ड्रग्स माफिया के संपर्क में था और उनके लिए काम कर रहा था. ऐसे में जांच एजेंसियां उसके विदेशों में सक्रिय ड्रग्स माफियाओं से कनेक्शन को भी जोड़ कर देख रही है. साथ ही डी कंपनी के कनेक्शन पर भी जांच एजेंसियों की निगाह है.