Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
फूप2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
शासन द्वारा मंजूरी के बाद स्वास्थ्य विभाग द्वारा फूफ नगर की परिवहन कॉलोनी में 3.70 करोड़ रुपए की लागत से पांच हेक्टेयर जमीन पर 30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निर्माण किया जा रहा है, जो आगामी 6 महीने में बनकर तैयार हो जाएगा। स्वास्थ्य केंद्र बनने से फूप क्षेत्र के 1.30 लाख लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिलेगी।
गौरतलब है कि वर्तमान में मौजूद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पुराने भवन में संचालित हो रहा है। लेकिन केंद्र की ओपीडी में डॉक्टर के बैठने के लिए सुविधाजनक चैंबर नहीं हैं। इस कारण मरीजों का चेकअप ठीक से नहीं हो पाता है। इसके अलावा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर एक्स-रे सेंटर से लेकर पैथोलॉजी की सुविधा नहीं होने से क्षेत्र के मरीजों को 16 किलोमीटर चलकर एक्स-रे और ब्लड जांच के लिए भिंड आना पड़ता है। इलाज में हो रही परेशानियों को देखते हुए स्थानीय लोगों द्वारा जनप्रतिनिधियों से 30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी।
30 पलंग के अस्पताल में अलग-अलग रहेंगे वार्ड
बीएमओ डॉ. डीके शर्मा ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अभी तक बनकर तैयार हो जाता, लेकिन लॉकडाउन के कारण करीब 7 महीने काम बंद रहा था, लेकिन ठेकेदार द्वारा फिर से काम शुरू कर दिया गया है। वर्तमान में भवन के लिए पिलर खड़े किए जा रहे हैं। अस्पताल भवन का निर्माण आगामी 6 महीने में पूरा कर लिया जाएगा। 30 पलंग के अस्पताल में महिला, पुरुष वार्ड के अलावा शिशु वार्ड अलग से रहेगा।
ग्रामीण इलाकों के मरीजों को नहीं जाना होगा भिंड
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनने के बाद फूप नगर सहित ग्रामीण इलाकों के मरीजों को इलाज के लिए जिला अस्पताल नहीं जाना पड़ेगा। इससे न केवल क्षेत्र के एक लाख लोगों को बेहतर इलाज की सुविधाएं प्राप्त होंगी, बल्कि एक्स-रे सेंटर से लेकर पैथोलॉजी सहित सभी प्रकार की जांचों की सुविधा मिलेगी। सामुदायिक अस्पताल बनने के बाद डॉक्टर व स्टाफ भी बढ़ाए जाएंगे। इस तरह लोगों का भिंड जाना बच जाएगा।