IPL 2021 पर बीसीसीआई ने किया साफ-विदेश में टूर्नामेंट के आयोजन के बारे में नहीं सोच रहे.(फोटो-AFP)
बीसीसीआई के कोषाध्यक्ष अरुण सिंह धूमल ने कहा- कोरोना वायरस का प्रभाव भारत में कम हो रहा है, देश में आईपीएल (IPL 2021) आयोजन के प्रबल आसार
धूमल ने कहा ,’इस समय भारत यूएई से अधिक सुरक्षित है .उम्मीद है कि हालात स्थिर रहेंगे और सुधरते जायेंगे .’ यूएई में जहां कोरोना संक्रमण के मामले बढे हैं, वहीं भारत में इसमें गिरावट आई है . यूएई में 19 सितंबर को आईपीएल शुरू होने के समय एक सप्ताह में कोरोना संक्रमण के औसत 770 मामले थे जो अब बढकर 3743 हो गए हैं . वहीं भारत में अधिक आबादी और क्षेत्रफल के बावजूद अब एक दिन में 15000 से कम मामले आ रहे हैं जो सितंबर में 90000 प्रतिदिन थे .
‘कोरोना वैक्सीन लगने तक बड़े फॉर्मेट के घरेलू टूर्नामेंट नहीं’
बीसीसीआई को इस साल रणजी ट्रॉफी नहीं कराने का भी कठिन फैसला लेना पड़ा जबकि विजय हजारे ट्रॉफी, अंडर 19 वनडे और महिला वनडे टूर्नामेंट होंगे . धूमल ने कहा ,’ हमने खिलाड़ियों, चयन समिति, राज्य संघों से फीडबैक मांगा . यह महसूस किया गया कि 2020 बीत चुका है और एक साल में दो सत्र कराने की बजाय सीमित ओवरों का क्रिकेट कराना बेहतर है .’ घरेलू क्रिकेट भी बायो बबल में खेला जा रहा है और धूमल ने कहा कि यह आयोजकों और खिलाड़ियों के लिये कठिन है . उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों का टीकाकरण होने तक यह करना ही पड़ेगा .उन्होंने कहा ,’यह कठिन है लेकिन कम से कम खेल तो हो रहा है . हम खिलाड़ियों के टीकाकरण की दिशा में काम कर रहे हैं .सरकारी निर्देशों के अनुसार मोर्चे पर काम कर रहे लोगों और वरिष्ठ नागरिकों को पहले टीके लगेंगे . हम सरकार के संपर्क में हैं ताकि खिलाड़ियों को टीके लग सकें .’ भारत और इंग्लैंड के बीच श्रृंखला में दर्शकों के मैदान पर लौटने की संभावना के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा ,’ हम नियमित आधार पर हालात की समीक्षा कर रहे हैं . इसके लिये प्रदेश और केंद्र सरकार से मिलकर काम करना होगा . हम चाहते हैं कि दर्शक मैदान पर लौटें .सौ फीसदी तो संभव नहीं लेकिन 25 से 50 प्रतिशत के बीच .’