Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
उज्जैन2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
टाइगर की इसी खाल को तस्करों से पुलिस ने बरामद किया था। (फाइल फोटो)
- भास्कर के खुलासे पर एसपी ने लगाई मुहर, बोले- जांच में सामने आएंगे तथ्य
टाइगर की खाल तस्करी में तस्करों के साथ रतलाम के एक पुलिसकर्मी का भी गठजोड़ सामने आया है। दो अलग-अलग सिम कार्ड की डिटेल उज्जैन एसपी सत्येंद्र कुमार शुक्ल ने निकलवाई तो एक सिम कार्ड से लंबी बातचीत की पुष्टि हुई है। एसपी ने कहा पूरे मामले में अब नए सिरे से जांच शुरू करवा दी है।
बाघ की खाल तस्करी में केडी गेट के शब्बीर व सेठी नगर निवासी राजेश ज्ञानचंदानी के साथ पकड़ाए सारंगपुर के तस्कर तोसिब की पुलिसकर्मी से फोन पर बातचीत होती थी। एसपी शुक्ल ने बताया कि दो सिम की जांच कराने पर एक सिम अन्य नाम से रजिस्टर्ड है, उससे 11, 12 और 16 जनवरी को तीन दिन लंबी बातचीत होना सामने आया है। संबंधित रजिस्टर्ड सिम का उपयोग करने वाले व्यक्ति ने तस्कर तोसिब से करीब 6-6 मिनट तक लंबी बात की है। इनके बीच क्या बातचीत हुई व किस संबंध में वे बात कर रहे थे, इसके लिए नए सिरे से जांच शुरू कर दी गई है। रतलाम पुलिस भी इसमें कार्रवाई कर रही है।
एसपी ने कहा-मेरे संज्ञान में यह बात आई है, सख्त कार्रवाई होगी
खाल तस्करी में तस्करों के साथ नाम जुड़ते ही रतलाम के पुलिसकर्मी के उज्जैन में निवासरत भाई ने केंद्रीय जांच एजेंसी के एक अधिकारी समेत कुछ मुखबिरों को गोली मारने की बात कही है। संबंधित अधिकारी ने एसपी शुक्ल को इस बारे में सूचित किया व भोपाल सीबीआई को भी पत्र लिख अवगत करवा दिया है। एसपी शुक्ल ने बताया कि मेरे संज्ञान में भी यह बात आई है, पता करवा रहा हूं, सख्त एक्शन लूंगा।