- Hindi News
- Local
- Mp
- Ujjain
- State Level Training Class Of BJP, BJP Started In The City; CM Said To The Legislators Time Is Short, Now Be Careful
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
उज्जैन16 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
शिविर में पार्टी के दिग्गज नेता मौजूद थे। शिविर की बैठक व्यवस्था के अनुसार मुख्यमंत्री चौहान, प्रदेश अध्यक्ष शर्मा, सांसद सिंधिया व प्रदेश सह प्रभारी मुंडे मंच के नीचे बैठे थे।
- संस्कार की पाठशाला में पूरा फोकस निकाय चुनाव पर
- प्रशिक्षण वर्ग में विधायकों को चेतावनी और सीख साथ मिली
भाजपा के होटल मित्तल एवेन्यु में हो रहे दो दिनी प्रशिक्षण वर्ग में पार्टी ने विधायकों को दो टारगेट दिए हैं। पहला बूथ स्तर तक चुनाव की तैयारी और सभी समाजों को पार्टी से जोड़ना। इसके लिए उन्हें फार्मूले बताए गए।
भाजपा के पुराने विधायकों के लिए यह नया नहीं था लेकिन कांग्रेस से भाजपा में आकर चुनाव जीते विधायकों के लिए इस तरह के प्रशिक्षण शिविर का यह पहला अवसर था। वे भी बोले- भाजपा और कांग्रेस में जमीन आसमान का अंतर है। शिविर से यह भी संदेश दिया कि अब अगली पीढ़ी को तैयार करना है। यह संकेत दिए कि निकाय चुनाव में युवाओं को ज्यादा मौका दिया जाएगा। इसके लिए नवाचार की जरूरत है। शहर में शुक्रवार को प्रदेश की पूरी सरकार मौजूद थी।
यह प्रशिक्षण शिविर पहले पचमढ़ी में होना था लेकिन इसे प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने उज्जैन में करना तय किया। गुरुवार रात से ही विधायकों और मंत्रियों का पहुंचना शुरू हो गया था। इनमें से कई ने पहले महाकाल दर्शन किए फिर शिविर में पहुंचे। शिविर स्थल पर किलेबंदी जैसी व्यवस्था की गई थी। शिविर में भाग लेने आए विधायकों का पंजीयन करने के साथ उन्हें भाजपा की विचारधारा वाली दो पुस्तकें, पेड, कलम आदि भेंट की गई। विधायकों और मंत्रियों के लिए अलग-अलग आवास व्यवस्था की गई थी। इसके अलावा शिविर में आमंत्रित विधायक, मंत्रियों, पदाधिकारी के लिए भोजन की व्यवस्था भी अलग थी। अनुशासन ऐसा था कि केवल केंद्रीय मंत्रियों, मुख्यमंत्री, प्रशिक्षण देने आए पदाधिकारियों के वाहन ही होटल में पहुंचे।
चाैथा सत्र आज सुबह 10 से 11 बजे तक
उद्घाटन सत्र के बाद प्रशिक्षण वर्ग का दूसरा सत्र शाम चार बजे शुरू हुआ। इस सत्र को प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक समन्वय का अर्थ यह है कि अपनी सरकार के काम को समाज तक ले जाएं। कार्यकर्ता की मेहनत का सम्मान करें और आपस में शुद्ध सात्विक संबंधों का निर्माण करें। इससे पहले प्रथम सत्र को नरोत्तम मिश्र, सुहास भगत और ज्योतिरादित्य ने संबोधित किया। सत्र की अध्यक्षता केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल ने की। तीसरा सत्र शाम छह बजे से शुरू हुआ।
इस सत्र का विषय था हमारा आचरण, व्यवहार एवं व्यक्तित्व विकास। इस सत्र को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने संबोधित किया। वर्ग का चौथा सत्र शनिवार सुबह 10-11 बजे तक चलेगा। सत्र को शिवप्रकाश संबोधित करेंगे। पांचवें सत्र में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर सोशल मीडिया के उपयोग की ट्रेनिंग देंगे। यह सत्र सुबह 11.30 से 12.30 बजे तक चलेगा। सत्र की अध्यक्षता विश्वेश्वर टुडू करेंगे। उसके बाद समापन सत्र होगा। जो दोपहर एक बजे से दो बजे तक होगा। इसमें राष्ट्रीय परिदृश्य और सोशल मीडिया पर चर्चा होगी। इस सत्र को मुरलीधर राव संबोधित करेंगे। समापन सत्र की अध्यक्षता कैलाश विजयवर्गीय करेंगे।
टारगेट और रास्ता
टारगेट – निकाय और विधानसभा चुनाव के लिए तैयारी।
रास्ता- सत्ता और संगठन में समन्वय, बूथ स्तर तक संपर्क, समाज के सभी वर्गों को पार्टी से जोड़ना, नवाचार से नई पीढ़ी को तैयार करना।
यह बोले शिविर में आए मंत्री व नेता
नरोत्तम मिश्र : कांग्रेस के युवा (राहुल गांधी) जनता के बीच जाने के बजाए बार-बार इटली चले जाते हैं। देश की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का हक किसी को नहीं है। प्रदेश में अराजकता की स्थिति नहीं बनने देंगे। कांग्रेस के पांव के नीचे जमीन नहीं बची है।
यशोधरा राजे : शिविर में यही सिखाया जा रहा है, दिनचर्या क्या हो, हम कैसा व्यवहार करें, लोगों से कैसे संपर्क बढ़ाएं। हम विचारधारा के बल पर चलते हैं व्यक्ति विशेष पर जोर नहीं रहता। शिविर में मुख्यमंत्री ने सवाल किया- भाजपा की मूल चीज क्या है, उन्होंने दत्तीगांव जी की ओर देखा। ताे वे बोले- अंत्योदय और भारत का विकास। यही मूल है। इसी को लेकर आगे बढ़ना है।
पंकजा मुंडे : भाजपा की यह परंपरा है कि जितनी बार चुनकर आते हैं, नए ही रहते हैं। संगठन को मजबूत करने प्रशिक्षण शिविर में हर बार नए विषय पर चर्चा होती है। इसमें बहुत प्यार मिला, बहुत ज्ञान मिला।
नरेंद्रसिंह ताेमर : राजनीतिक दल के लोगों का कृषि बिल से कोई लेना-देना नहीं है। बिल के मामले में राहुल गांधी से लेकर किसी को भी कुछ नहीं मालूम। सरकार संवेदनशीलता से विचार कर रही है। किसान विचार कर हमें अपनी बात बताएंगे तब आगे चर्चा होगी। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस तीव्र गति से कमजोर हो रही है। विपक्ष का कमजोर होना लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है।
गोविंदसिंह राजपूत : मुख्यमंत्री ने दिल की बात कही है। सभी के दिमाग में उनकी बात गई है। मैंने कांग्रेस और भाजपा में बहुत अंतर देखा। कांग्रेस में भाषण में चटकारे बहुत होते थे, मंच टूट जाते थे, अनुशासन नहीं था। भाजपा में अनुशासन है। बड़े नेता भी सामान्य कार्यकर्ताओं के साथ बैठते हैं। कांग्रेस को भाजपा के वर्ग में आकर सीखना चाहिए। भाजपा नगरीय निकाय चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है।
उषा ठाकुर : बजट में उज्जैन के पर्यटन को लेंगे। इस संबंध में वित्त मंत्री से भी चर्चा हो चुकी है। उज्जैन में कुंभ संग्रहालय, कला कौशल केंद्र और खास कर सांदीपनि आश्रम के विकास को लेकर हमने बात की है।
भूपेंद्रसिंह : मुख्यमंत्री ने कहा है हमें निकाय चुनाव के लिए तैयारी करना है। भाजपा की तैयारी पहले से है। प्रशिक्षण शिविर में कोई अलग से चर्चा नहीं हुई, लेकिन मुख्यमंत्रीजी ने अपनी बात रखते हुए इस बारे में कहा है।
ज्याेतिरादित्य सिंधिया ने कहा- महाकाल के आंतरिक विकास के लिए राशि
केंद्रीय बजट में महाकाल मंदिर के लिए 75 करोड़ रुपए मंजूर करने के लिए केंद्र का आभार मानते हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा यह राशि मंदिर के आंतरिक विकास के लिए है। इसकी योजना अनिल फिरोजिया व डॉ मोहन यादव मिलकर बनाएंगे। उन्होंने सुबह महाकाल मंदिर में दर्शन के बाद कहा महाकाल मंदिर से सिंधिया परिवार का भावनात्मक संबंध है।
उज्जैन हमारी पहली राजधानी रही है। महाकाल मंदिर में आधुनिक नहीं प्राचीनता नजर आनी चाहिए। इसके लिए काले पत्थर नजर आने चाहिए। प्राचीन तरह के फव्वारे लगाए जाना चाहिए। मंदिर में सफाई की बहुत जरूरत है। उन्होंने कहा कि मुझे भाजपा में आकर गर्व महसूस हो रहा है। यहां शिविर में भाईचारा और वैचारिक मंथन हो रहा है। केवल भाजपा ही है जो देश का विकास प्रधान सेवक नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कर रही है।