अक्षर पटेल ने इंग्लैंड के खिलाड़ियों को दी सोच बदलने की सलाह, कहा- हम विदेश में घास पर खेलते हैं– News18 Hindi

अक्षर पटेल ने इंग्लैंड के खिलाड़ियों को दी सोच बदलने की सलाह, कहा- हम विदेश में घास पर खेलते हैं– News18 Hindi


नई दिल्ली. अपना पहला टेस्ट खेल रहे ऑलराउंडर अक्षर पटेल (Axar Patel) ने स्पिनरों के लिए फायदेमंद पिचों की आलोचना को गलत करार देते हुए कहा कि जब विदेशों में हमें घसियाली पिच पर खेलना होता है तो हम कभी भी इसका शिकायत नहीं करते हैं. अक्षर पटेल ने पिच की आलोचना कर रहे लोगों को अपनी मानसिकता में बदलाव करने की सलाह भी दी. इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकन वॉन ने दूसरे टेस्ट के दौरान चेपॉक की पिच को ‘कम तैयार’ करार दिया था लेकिन भारत ने दोनों पारियों में लगभग 180 ओवर की बल्लेबाजी की और इस दौरान दो बल्लेबाजों ने शतक तथा तीन ने अर्धशतक लगाया है .

अक्षर ने कहा, ‘ अगर आप पिच के बारे में बात कर रहे हैं, तो मुझे नहीं लगता कि कोई भी गेंद हेलमेट से टकराई है. गेंद सामान्य तरीके से स्पिन हो रही है. हम (दोनों टीमें) एक ही पिच पर खेल रहे हैं और रन बना रहे हैं, इसलिए मुझे नहीं लगता कि किसी को भी कोई समस्या होनी चाहिए.’

अक्षर पटेल ने दिया इंग्लैंड की मीडिया और कमेंटेटरों को जवाब

अक्षर पटेल ने चेपॉक मैदान की पिच को खराब बताने पर इंग्लैंड की मीडिया और कमेंटेटरों पर कटाक्ष किया. उन्होंने तीसरे दिन के खेल के बाद कहा, ‘ जब हम विदेश जाते हैं, तो हमने कभी भी तेज गेंदबाजों की मददगार पिच पर खेलते हुए ऐसी शिकायत नहीं की, कि पिच पर घास अधिक है. मुझे लगता है कि लोगों को विकेट के बारे में सोचने के बजाय अपनी मानसिकता को बदलना होगा.’

अक्षर ने कहा कि इस पिच पर सफलता के लिए गेंद को पिच पर जोर से टप्पा खिलाना होगा. उन्होंने कहा, ‘इस पिच से स्पिनरों को मदद मिल रही है, ऐसे में आपको ज्यादा कुछ करने की जरूरत नहीं है. जब आप गेंद को पिच पर थोड़ा जो लगाकर टप्पा दिलाते है तभी आपको टर्न मिलता है.

IND VS ENG: आर अश्विन के शतक के बाद मोहम्मद सिराज ने मनाया जबर्दस्त जश्न, Video वायरल

अक्षर से जब पूछा गया कि क्या भारतीय टीम की बल्लेबाजी पिच की आलोचना करने वालों को जवाब है?, तो उन्होंने कहा, ‘ जब हम खेलते हैं, तो बाहरी दुनिया पर ज्यादा ध्यान नहीं होता है. हम एक संदेश देना चाहते हैं. हमने सामान्य क्रिकेट खेला. अगर यह चौथा दिन होता, तो हम पारी घोषित करने के बारे में सोचते लेकिन यह तीसरा दिन था और हमारे पास पूरा समय था. हमें लगा कि देर तक बल्लेबाजी करनी चाहिए.’





Source link