India vs England: मोईन अली विस्फोटक पारी खेलने के बावजूद वापस जाएंगे इंग्लैंड, जॉनी बेयरस्टो की हुई वापसी– News18 Hindi

India vs England: मोईन अली विस्फोटक पारी खेलने के बावजूद वापस जाएंगे इंग्लैंड, जॉनी बेयरस्टो की हुई वापसी– News18 Hindi


नई दिल्ली. इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ अहमदाबाद में 24 फरवरी से शुरू होने वाले तीसरे डे-नाइट टेस्ट मैच के लिए  विकेटकीपर बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टॉ और तेज गेंदबाज मार्क वुड को अपनी टीम में शामिल किया. इंग्लैंड दूसरा टेस्ट मैच 317 रन से हार गया जिससे भारत ने चार मैचों की सीरीज बराबर कर दी. चयनकर्ताओं ने इसके साथ ही खिलाड़ियों के वर्कलोड मैनेजमेंट को देखते हुए रोटेशन पॉलिसी की वजह से ऑलराउंडर मोईन अली को वापस इंग्लैंड भेजने का फैसला किया है. इंग्लैंड का यह फैसला थोड़ा आश्चर्यजनक है क्योंकि अली दूसरे टेस्ट में इंग्लैंड के सबसे सफल बॉलर रहे थे. उन्होंने दोनों पारियों में चार-चार विकेट झटके थे. इसके अलावा दूसरी पारी में अली ने 18 गेंदों पर ताबड़तोड़ 43 रनों की पारी खेली थी. इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन भी इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) की रोटेशन पॉलिसी से नाराज हैं.

माइकल वॉन ने ट्वीट किया, ‘मुझे लगा कि 2019 के बाद टेस्ट क्रिकेट और एशेज जीतना इंग्लैंड की सबसे बड़ी प्राथमिकता था. आखिर क्यों टेस्ट टीम हर हफ्ते बदली जा रही है और टी20 टीम पूरी ताकत के साथ उतर रही है. 18 महीने में 1 टेस्ट खेलने के बाद मोइन अली को घर भेज दिया गया.’ बता दें कि बेयरस्टो को भी इस पॉलिसी के कारण श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज के बाद आराम दिया गया था. श्रीलंका में उन्होंने 47, नाबाद 35, 28 और 29 रन बनाये थे. वुड को भी श्रीलंका के खिलाफ सीरीज के बाद विश्राम दिया गया था. उन्हें वहां पहले टेस्ट मैच में विकेट नहीं मिला था जबकि दूसरे मैच में उन्होंने तीन विकेट लिये थे.

यह भी पढ़ें:

IND vs ENG: भारतीय पिचों पर सवाल ही नहीं, अब यहां मैच ड्रॉ नहीं होता सिर्फ रिजल्ट निलकता है

India vs England: भारत की इंग्लैंड पर टेस्ट इतिहास की सबसे बड़ी जीत, अश्विन ने रचा इतिहास

तीसरे टेस्ट के लिए इंग्लैंड की टीम इस प्रकार है : जो रूट (कप्तान), जेम्स एंडरसन, जोफ्रा आर्चर, जॉनी बेयरस्टो, डोमिनिक बेस, स्टुअर्ट ब्रॉड, रॉरी बर्न्स, जैक क्रॉली, बेन फॉक्स, डैन लॉरेन्स, जैक लीच, ओली पोप, डोम सिबली, बेन स्टोक्स, ओली स्टोन, क्रिस वोक्स, मार्क वुड.





Source link