विराट ने चेन्नई टेस्ट की पिच को लेकर हो रही आलोचना से जुड़े सवाल पर कहा कि मुझे नहीं लगता कि इस पिच पर टॉस की कोई भूमिका थी. हमें यकीन था कि हम दूसरी पारी में भी रन बना सकते हैं और ऐसा हुआ भी और टीम ने 300 के करीब रन भी बनाए. उन्होंने मैन ऑफ द मैच रहे ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन की भी जमकर तारीफ की. भारतीय कप्तान ने कहा कि अश्विन ने दूसरी पारी में शानदार बल्लेबाजी की. इसके अलावा विराट ने अक्षर पटेल के प्रदर्शन को भी सराहा. उन्होंने कहा कि अक्षर के लिए यह लम्हा खास है. अगर वे चोटिल नहीं होते तो पहले सीरीज के पहले टेस्ट में भी खेलते. उनकी गेंदबाजी की खासियत है कि वे ज्यादा तेजी से गेंद फेंकते हैं. मुझे उम्मीद है कि इस मैच में मिली कामयाबी से उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे आगे बेहतर खेल दिखाएंगे.
पंत ने अपने खेल में काफी सुधार किया है: विराट
इस टेस्ट में पंत की विकेटकीपिंग से भी कप्तान कोहली खुश नजर आए. इससे जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि पंत ऑस्ट्रेलिया दौरे से ही काफी मेहनत कर रहे हैं. इसका असर उनके खेल पर दिख रहा है. विकेट के पीछे उनके रिएक्शन और रिफ्लेक्स पहले से बेहतर हुए हैं. उन्होंने अपना वजन भी काफी कम किया है. इस वजह से पंत विकेट के पीछे तेज से मूव कर पा रहे हैं. हम चाहते हैं कि एक खिलाड़ी के तौर पर वे अपनी स्किल्स को और मजबूत करें. क्योंकि इससे टीम मजबूत बनती है.
यह भी पढ़ें
IND vs ENG: अश्विन ने तीसरी बार छह या उससे अधिक विकेट लिए और शतक लगाया, एकमात्र भारतीय खिलाड़ी
IND vs ENG: कोहली की कप्तानी में 83% टेस्ट के रिजल्ट निकले, उनकी कप्तानी स्टाइल पोंटिंग और वॉ की तरह
‘मैं अपनी बल्लेबाजी में तेजी से सुधार करता हूं’
विराट ने इस टेस्ट की पहली पारी में शून्य पर आउट होने के बाद दूसरी में 62 रन बनाए थे. वे पहली इनिंग्स में कवर ड्राइव खेलने के चक्कर में मोईन अली की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए थे. ऐसे में उन्होंने दूसरी पारी में यह शॉट न के बराबर खेला. मैच के बाद जब कोहली से इससे जुड़ा सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि मैं अपनी गलतियां तेजी से सुधारने में गर्व महसूस करता हूं. हालांकि, पहले ऐसा नहीं था क्योंकि मैं बदलावों को लेकर सहज नहीं था. लेकिन अब मैं खुद के खेल में तेजी से सुधार के लिए तैयार रहता हूं.