रोहित ने चेन्नई टेस्ट में शानदार शतक लगाया था.
टीम इंडिया के ओपनर बल्लेबाज रोहित शर्मा ने कहा कि पिच को लेकर हम कभी शिकायत नहीं करते. दूसरी टीम को भी नहीं करना चाहिए. पिच दोनों टीम के लिए एक जैसी होती हैं.
- News18Hindi
- Last Updated:
February 21, 2021, 7:17 PM IST
भारत और इंग्लैंड के बीच चेन्नई में खेले गए दूसरे टेस्ट में पिच को लेकर इंग्लिश टीम के कई पूर्व खिलाड़ियाें ने सवाल उठाए थे. पूर्व कप्तान माइकन वॉन ने पहले दिन के अंतिम दो सेशन में गेंद के घूमने पर कहा था कि यह पांचवें िदन की पिच लग रही है. इस तरह की पिच टीम घरेलू टीम को फायदा पहुंचाने के लिए ही बनाई गई है. हालांकि भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने इस तरह की बातों को सिरे से खारिज कर दिया था. उन्होंने कहा था कि सिर्फ स्पिन पिच को लेकर ही सवाल उठाए जाते हैं. तेज गेंदबाजों वाली पिच पर कोई कुछ नहीं कहता है. ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज स्पिनर शेन वाॅर्न ने भी वॉन की बातों को खारिज कर दिया था. उन्होंने कहा था कि इंग्लैंड के गेंदबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके, इस कारण रोहित शर्मा ने पहली पारी में शतक लगाया. मालूम हो कि मैच के चौथे दिन आर अश्विन ने भी शतक लगाया था. टीम इंडिया के स्पिन गेंदबाजों ने इंग्लैंड के 20 में से 17 विकेट झटके थे. टीम ने दूसरा टेस्ट 317 रन से जीता था.
आईसीसी को पिच लेकर नियम बनाना चाहिए
रोहित शर्मा ने बातचीत में कहा कि जब हम विदेशी दौरे पर जाते हैं तो तब हमारे बारे में कोई नहीं सोचता है, फिर हम दूसरे के बारे में क्यों सोचें. अगर किसी तरह की आलोचना होती है तो आईसीसी को पिच को लेकर नियम बनाने चाहिए. पिच को लेकर बहस नहीं होनी चाहिए, हमने कभी शिकायत नहीं की है. डे-नाइट टेस्ट को लेकर रोहित ने कहा कि यह बल्लेबाजों के लिए थोड़ा चुनौतीपूर्ण जरूर रहेगा. मैंने सिर्फ एक ही डे-नाइट टेस्ट खेला है. शाम के वक्त बल्लेबाजी करना मुश्किल भरा हो सकता है. टीम इंडिया ने घर में एक ही डे-नाइट टेस्ट पिछले साल बांग्लादेश के खिलाफ खेला है. हालांकि बोर्ड अध्यक्ष सौरव गांगुली साफ कर चुके हैं कि घर में होने वाली हर सीरीज में एक टेस्ट डे-नाइट होगा.