- Hindi News
- Sports
- ISSF World Cup 2021 Pakistani Team May Get A Visa; Visa Was Not Received In 2019 World Cup
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
नई दिल्ली24 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
अगले महीने दिल्ली में होने वाले ISSF शूटिंग वर्ल्ड कप में 40 देशों के करीब 300 शूटर भाग लेंगे। इनमें अमेरिका, कोरिया, UAE और पाकिस्तान समेत कई देशों के शूटर शामिल हैं। जापान, चीन, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, मलेशिया और कुवैत के शूटर इस बार वर्ल्ड कप में शामिल नहीं होंगे। इंग्लैंड के आने पर भी सस्पेंस है।
पाकिस्तानी टीम वर्ल्ड कप के लिए भारत आ सकती है। भारत उनके स्क्वॉड को वीजा देने के लिए तैयार हो गया है। नेशनल राइफल फेडरेशन ऑफ इंडिया (NRFI) के सेक्रेटरी राजीव भाटिया ने बताया कि दिल्ली से वीजा देने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इस्लामाबाद स्थित भारतीय दूतावास से उन्हें जल्द ही वीजा दे दिया जाएगा। ISSF शूटिंग वर्ल्ड कप 18 से 29 मार्च तक दिल्ली के कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित होगा।
2019 में दिल्ली में हुए पिछले ISSF वर्ल्ड कप में पाकिस्तानी टीम को वीजा नहीं मिला था। जबकि यह एक ओलिंपिक क्वालिफाइंग टूर्नामेंट था। पाकिस्तान की ओर से एक शूटर ने रैपिड फायर के लिए एंट्री भेजी थी। उसके नहीं आने पर रैपिड फायर के कोटा को खत्म कर दिया गया था। हालांकि इस साल पाकिस्तान से एक शूटर उस्मान चंद स्किट में भाग लेंगे। उनके साथ कोच और अन्य स्टाफ भी मौजूद रहेंगे।
इंग्लैंड के प्लेयर्स के आने पर संशय
टोक्यो ओलिंपिक से पहले यह वर्ल्ड कप शूटिंग का आखिरी टूर्नामेंट है। इस वर्ल्ड कप के बाद रैंकिंग के आधार पर ही शूटर्स को ओलिंपिक के लिए एंट्री मिल सकेगी। इंग्लैंड को लेकर राजीव भाटिया ने बताया कि उनकी ओर से कुछ सवाल किए गए थे। उसका जवाब भेज दिया गया है। साथ ही उनके अधिकारियों से भी बातचीत की जा रही है। ऐसे में उम्मीद है कि वे भी आने के लिए तैयार हो जाएंगे।
ओलिंपिक में 19 मेडल के लिए दावेदारी पेश करेंगे भारतीय शूटर
भारत को टोक्यो ओलिंपिक में सबसे ज्यादा उम्मीद निशानेबाजों से है। ऐसा इसलिए क्योंकि पहली बार देश के 15 शूटर्स ने कोटा हासिल किया है। चीन के बाद भारत एशिया में सबसे ज्यादा कोटा हासिल करने वाला देश है। चीन के पास 25 कोटा है। भारत की ओर से महिला 10मी पिस्टल में मनु भाकर और यशस्विनी देसवाल, 25मी पिस्टल में चिंकी यादव और राही सरनोबत, पुरुष 10मी पिस्टल में सौरव चौधरी और अभिषेक वर्मा ने कोटा हासिल किया।
वहीं, पुरुष 10मी राइफल में दिव्यांश सिंह पंवार और दीपक कुमार, महिला 10मी राइफल में अपूर्वी चंदेला और अंजुम मोदगिल, राइफल थ्री पोजीशन में संजीव राजपूत, ऐश्वर्य प्रताप सिंह और तेजस्विनी सावंत, स्किटमें मेराज अहमद खान और अंगद वीर सिंह बाजवा ने कोटा हासिल किया है। इनके अलावा पिस्टल और राइफल के मिक्स्ड इवेंट में भारत की 2-2 टीमों को एंट्री मिलेगी। ऐसे में भारत के शूटर 19 मेडल के लिए ओलिंपिक में दावेदारी पेश करेंगे।
अनीश भनवाल रैंकिंग सुधार कर हासिल कर सकते हैं कोटा
दिल्ली में होने वाले वर्ल्ड कप में मनु भाकर, सौरभ चौधरी, संजीव राजूपत समेत देश के टॉप शूटर्स को टीम में जगह दी गई है। इनके पास ओलिंपिक से पहले अपनी तैयारी को परखने का अच्छा मौका है।
वहीं, 25 मीटर रैपिड फायर में अनीश भनवाल वर्ल्ड कप में मेडल जीतकर अपनी रैंकिंग में सुधार कर सकते हैं। साथ ही ओलिंपिक कोटा भी हासिल कर सकते हैं। भनवाल की रैंकिंग 12 है। उनसे आगे रैंकिंग में शामिल शूटर कोटा हासिल कर चुके हैं। ऐसे में अगर वे मेडल जीतते हैं तो रैंकिंग के हिसाब से देश को एक और कोटा मिल सकता है।