Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
पिपरिया9 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
जनसुनवाई में लोगों की समस्या सुनते अधिकारी।
- किसान ने कलेक्टर से की सोसाइटी प्रबंधक की शिकायत
मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में एक किसान ने शिकायती आवेदन देकर कृषक सेवा सहकारी समिति रामपुर के प्रबंधक राघवेंद्र शर्मा की शिकायत की है। किसान नीतिराज शर्मा के अनुसार राघवेंद्र शर्मा ने उनसे सिकमी जमीन ली है और रुपए नहीं दे रहा है। इसी प्रकार बड़ी संख्या में लोगों ने गरीबी रेखा में नाम जोड़े जाने के लिए आवेदन दिए हैं। हथवांस ग्राम में झोपड़ी के लिए पट्टे की मांग की गई है।
पिसुआ गांव के धर्मसिंह ने मजदूरी का भुगतान कराए जाने के लिए आवेदन दिया है। ग्राम आलीवाड़ा खुर्द के किसान नीतिराज शर्मा ने रामपुर सोसाइटी के प्रबंधक राघवेंद्र शर्मा की शिकायत में कहा है कि उनकी जमीन ग्राम ठुठा दहलवाड़ा के रोड किनारे से लगी हुई है। यह 4 एकड़ 40 डिसमिल के आसपास जमीन हैं। जिसे वर्ष 2020 और 2021 में 20 हजार रुपए प्रति एकड़ के हिसाब से सिकमी पर दिया गया था।
इसका कुल मूल्य 88 हजार रुपए होता है। बात हुई थी कि पहली फसल मूंग काटने के बाद 15 जून 2020 में यह राशि दे दी जाएगी। जून का महीना निकल गया, लेकिन यह राशि नहीं दी गई और अब वर्तमान में मार्च का महीना आ गया है इस प्रकार 10 माह बीत चुके हैं। अभी तक सिकमी की राशि नहीं दी गई है। जब भी पैसे मांगे जाते हैं तो दो-चार दिन में दे दूंगा ऐसा झूठा आश्वासन दे दिया जाता है। इसके कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने मांग की है कि राघवेंद्र शर्मा के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर उन्हें दंडित किया जाए। एसडीएम नितिन टाले ने बताया कि शर्मा की शिकायत को आवश्यक कार्रवाई के लिए थाना मंगलवारा भेजा गया है। इस बारे में समिति प्रबंधक ने कहा राघवेंद्र शर्मा ने कहा कि उन्होंने किसान के रुपए दे दिए हैं।
खानाबदोश लोहारों ने रहने के लिए जगह मांगी
शहर से लगे हथवांस तिराहा क्षेत्र में रहने वाले लगभग आधा दर्जन लोहार परिवारों ने जनसुनवाई में आवेदन देकर रहने के लिए जमीन मांगी है। इन परिवारों का कहना है कि वह हथवांस क्षेत्र में काफी समय से रह रहे हैं। कुछ लोग उन्हें धमका रहे हैं और झोपड़ी हटाने के लिए कह रहे हैं। कहा जा रहा है कि अगर झोपड़ी नहीं हटाई तो उसे तोड़ दिया जाएगा। इन परिवारों का कहना है कि हमें पूर्व में घुमक्कड़ जाति का प्रमाण पत्र दिया गया था और जमीन का पट्टा देने के लिए आश्वासन दिया गया था। जो अभी तक नहीं मिला है, इसीलिए हमें जमीन का पट्टा दिया जाए।
40 दिन की मजदूरी नहीं मिलने की शिकायत
ग्राम पिसुआ के धर्मसिंह पिता दयाराम मेहरा ने शिकायत में कहा है कि पंचायत के माध्यम से रोजगार गारंटी योजना में 40 दिन की मजदूरी रामवती हरिराम के साथ की थी। अभी तक मजदूरी का भुगतान नहीं हुआ है। संबंधित कर्मचारी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे रहे हैं।