- Hindi News
- Local
- Mp
- In The Investigation Of 115 Soldiers Of The CPF, 30 Were Found Infected, Including Three Soldiers Of The Second Battalion, 4 Were Infected.
ग्वालियर4 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
तस्वीर महाराज बाड़ा स्थित सुभाष मार्केट की है। यहां मंगलवार को खरीदारों की भीड़ उमड़ी। कोरोना संक्रमण के खतरे के बीच लोग मास्क, गमछे और दुपट्टे की ढाल बनाकर बाजार में पहुंचे।
मंगलवार को 80 लोग कोरोना संक्रमित मिलने के कारण आमजन और विशेषज्ञों की चिंता बढ़ गई है। इनमें बड़ा योगदान पनिहार स्थित सीआरपीएफ कैंप का है। यहां सैंपल देने वाले 115 जवानों में से 30 संक्रमित पाए गए हैं। इससे पहले यहां सिर्फ दो जवान पॉजिटिव पाए गए थे। किसी भी अर्द्धसैनिक बल के कैंप में एक ही दिन में इतने संक्रमित मिलने का यह मामला पहला मामला है। संक्रमित जवानों के संपर्क में अन्य जवान भी आए होंगे। लिहाजा सीआरपीएफ कैंप में प्रशासन को पूल सैंपलिंग करानी पड़ेगी, ताकि जल्द से जल्द पॉजिटिव जवानों का पता कर उनका इलाज किया जा सके।
उधर, शिंदे की छावनी में नर्सिंगहोम चलाने वाले वरिष्ठ रेडियोलॉजिस्ट व भाजपा नेत्री के पति कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए दिल्ली ले गए हैं। नर्सिंगहोम संचालक रेडियोलॉजिस्ट ने दो दिन पहले तक मरीज देखे थे। जब उन्हें अपनी तबीयत खराब लगी तो उन्होंने सैंपल कराया। इन डॉक्टर के संपर्क में इनके नर्सिंगहोम में आने वाले मरीज और उनके अटेंडेंट संपर्क में आए हैं। इसी तरह हाईकोर्ट डिस्पेंसरी में पदस्थ मेडिसिन विशेषज्ञ शुक्रवार को दिल्ली गए थे, वहां से लौटने के बाद उन्होंने अपना सैंपल कराया, जो पॉजिटिव आया है। इसी तरह कुटुंब न्यायालय की तीन भृत्य भी संक्रमित निकले हैं।
एसएएफ में भी फैला संक्रमण
मंगलवार को हुई जांच में एसएएफ की सेकंड बटालियन के तीन जवान और एक जवान का बेटा संक्रमित निकला है। इसके अलावा कैडबरी फैक्टरी के दो और कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। कोरियर कंपनी ब्लू डार्ट में काम करने वाले दो कर्मचारी और संजय काॅम्पलेक्स स्थित बैंक ऑफ इंडिया का एक वरिष्ठ अधिकारी भी कोरोना संक्रमित निकला है। इसी तरह गोदाम बस्ती थाटीपुर के एक ही परिवार के चार लोग संक्रमित पाए गए हैं।
अफसर निकले सड़कों पर, भीड़ देख दंग रह गए
ईद और राखी से पहले दो दिन के आंशिक लॉकडाउन का आदेश जारी करने से पहले मंगलवार को कलेक्टर-एडीएम भ्रमण पर निकले। इन्हें कई स्थानों पर हालात खराब मिले। सबसे खराब स्थिति शिंदे की छावनी में मिली।। यहां पर जगह-जगह भीड़ लगी थी। इसके बाद उन्होंने एसडीएम सीबी प्रसाद को कार्रवाई के निर्देश दिए। श्री प्रसाद ने 13 लोगों से जुर्माना वसूला। कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने पड़ाव, शिंदे की छावनी, डीडी मॉल, इंदरगंज और नदीगेट का निरीक्षण किया। कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम शिंदे की छावनी पहुंचे। श्री प्रसाद जब देसी कलारी के अंदर घुसे तो बड़ी संख्या में लोग पास-पास बैठकर शराब पी रहे थे। इनके पास मास्क भी नहीं थे। उन्होंने कलारी पर मौजूद सेल्समैन से तीन सौ रुपए जुर्माना वसूला। यहीं पर एक बाइक पर तीन लोग बैठे मिले। पीछे के दोनों मास्क नहीं लगाए थे। इनसे भी जुर्माना वसूला गया। श्री प्रसाद ने कहा- कुल 13 लोगों पर जुर्माना किया गया है। कलेक्टर जब पड़ाव पहुंचे तो उन्हें एक युवक बिना मास्क मिला। कलेक्टर ने साथ में मौजूद टीम से 100 रुपए जुर्माना करने को कहा। युवक ने इनकार कर दिया और फ्री में भी मास्क नहीं लिया तो अफसरों ने उसे थाने भेज दिया।
श्रमोदय में बासा खाना पराेसने पर मरीजों ने कर दिया हंगामा
कोरोना संक्रमित मरीजों की जहां संख्या बढ़ रही है, वहीं जिला प्रशासन मरीजों के लिए जरूरी इंतजाम भी नहीं कर पा रहा है। यही कारण है कि आए दिन कोविड अस्पतालों में दवा और सफाई व्यवस्था को लेकर हंगामा या फिर खाना-पानी मुहैया न कराने की शिकायतें आ रही हैं। मंगलवार की रात महाराजपुरा स्थित कोविड अस्पताल श्रमाेदय में मरीजों ने बासा खाना परोसने को लेकर हंगामा कर दिया। यहां के मरीजों का आरोप था कि उन्हें सुबह का खाना शाम को दिया जा रहा है। हंगामा होने पर नर्सिंग स्टाफ ने पुलिस बुलवा ली। पुलिसकर्मियों से मरीजों की बहस भी हो गई। श्रमोदय में पदस्थ स्टाफ के साथ पुलिस कर्मी भी मरीजों को समझाते रहे। इसके बाद शांत हुए कई मरीजों ने खाना नहीं खाया। श्रमोदय में भर्ती अमित शर्मा व अन्य मरीजों का कहना था कि हमें ताजा खाना नहीं दिया जा रहा है। सुबह की बनी दाल और रोटी शाम को दी जा रही है। साथ ही चावल की क्वालिटी भी अच्छी नहीं है। इसे खाकर हम और बीमार पड़ जाएंगे। हमारी यहां सुनने वाला कोई नहीं है।
0