Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
ग्वालियर36 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
- राज्य कर विभाग की एंटी इवेजन विंग दो टाइल्स कारोबारियों के यहां पहुंची
राज्य कर विभाग की एंटी इवेजन विंग ने बुधवार को शहर के दो बड़े टाइल्स कारोबारियों के ठाटीपुर न्यू जीवाजी नगर के शोरूम और धर्मवीर पेट्राेल पंप स्थित गोदाम पर कार्रवाई की है। विंग के अधिकारियों को यहां बड़ी मात्रा में टाइल्स का स्टाॅक मिला, जिसका मिलान वे कारोबारी के स्टॉक रजिस्टर और खरीद के बिलों से कर रहे हैं। ताकि टैक्स चोरी और पैनाल्टी की गणना कर सकें।
जानकारी के अनुसार दोनों टाइल्स कारोबारी भाई हैं। लेकिन टाइल्स का कारोबार दो अलग-अलग फर्म बनाकर कर रहे हैं। एक फर्म अर्जुन ट्रेडर्स के नाम से है जिसका संचालन राजीव व्यास कर रहे हैं। दूसरी फर्म टेप एंड टाइल्स है। सरकारी दस्तावेजों में इसका संचालक संजय व्यास की पत्नी के नाम से हो रहा है।
न्यू जीवाजी नगर के एक मकान में टाइल्स का विशाल शोरूम है, जिसमें दोनों फर्म संचालक टाइल्स का कारोबार कर रहे हैं। शोरूम के सामने ही एक गोदाम और धर्मवीर पेट्रोल पंप के पास दूसरा विशाल गोदाम है। जहां करोड़ों रुपए का टाइल्स का स्टॉक जमा है। जानकारों के अनुसार कारोबारियों द्वारा सालाना आधार पर जीएसटी के रिटर्न फाइल किए जाते हैं।
स्थानीय अधिकारियों को फर्म संचालकों के रिटर्न में गहन जांच के बाद मिस मैच देखने को मिला। इसके आधार पर कार्रवाई के लिए प्रस्ताव बनाकर विभाग के इंदौर मुख्यालय भेजा गया था। वहां से अनुमोदन मिलने के बाद अधिकारियों ने कार्रवाई को अंजाम दिया। उपायुक्त मिक्की अग्रवाल, अजय ओझा, राजेश धाकड़, अनुराधा शर्मा, बृजेश चतुर्वेदी, राहुल भटनागर, अर्जुन सिंह की अलग-अलग टीम टाइल्स कारोबारी के यहां कार्रवाई कर रही हैं।
स्टॉक अधिक है, गणना करने में समय लग रहा है
- टाइल्स का स्टॉक अधिक है, इसकी गणना करने में अधिकारियों को समय लग रहा है। जब गणना पूरी हो जाएगी उसके बाद कारोबारी पर कर चोरी और पैनाल्टी की गणना की जाएगी। – यूएस बैस, ज्वाॅइंट कमिश्नर राज्य कर विभाग ग्वालियर