ऋषभ पंत आईपीएल के 14वें सीजन में दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी संभाल रहे हैं. (Twitter)
आईपीएल के युवा कप्तानों में से एक ऋषभ पंत (Rishabh Pant) ने चोटिल श्रेयस अय्यर की जगह टीम की कमान संभाली है. पंत का मानना है कि उनके लिए टीम की कप्तानी के चलते कुछ नहीं बदला है क्योंकि विकेटकीपर होने के कारण वह दिल्ली टीम की फील्डिंग सजाने में मदद करते रहे हैं.
चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ अपने पहले मैच की पूर्व संध्या पर पंत ने दिल्ली कैपिटल्स की ओर से जारी बयान में कहा, ‘मैं फील्डिंग सजाने और टीम से जुड़े रणनीतिक निर्णयों को लेकर शिखर धवन, रविचंद्रन अश्विन और अजिंक्य रहाणे से बात कर रहा हूं. मैं रिकी आौर हमारे गेंदबाजी कोच जेम्स होप्स से भी बात कर रहा हूं. हमारी टीम में सीनियर और जूनियर का अच्छा मिश्रण है और मुझे लगता है कि रिकी की मदद से हम इस साल कुछ अलग कर सकते हैं.’
इसे भी पढ़ें, IPL: चेन्नई से भिड़ंत, इस प्लेइंग-XI के साथ वानखेड़े में उतर सकते हैं पंत
पंत ने कहा, ‘मैं यह नहीं सोच रहा हूं कि यह आईपीएल में कप्तान के रूप में मेरा पहला मैच है. मैं चीजों को सरल बनाए रखकर अपना शत प्रतिशत देना चाहता हूं. विकेटकीपर होने के कारण आपको क्षेत्ररक्षण का अच्छा अनुमान होता है और कप्तान होने से मैं सीधे बदलाव कर सकता हूं.’इस बीच कोच रिकी पोंटिंग ने कहा कि चेन्नई जैसी टीम हमेशा कड़ी चुनौती पेश करती है और वह अपने प्रत्येक खिलाड़ी से सही दृष्टिकोण की उम्मीद करते हैं. उन्होंने कहा, ‘भले ही हमारी टीम थोड़ी अलग है लेकिन हमें एक समूह के रूप में अच्छे प्रदर्शन करने और बेहतर परिणाम हासिल करने की उम्मीद है. चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच हमारे लिए केवल एक मैच जैसा है. हमें सही दृष्टिकोण के साथ खेलना होगा और बेहतर प्रदर्शन करना होगा. चेन्नई आईपीएल की सबसे सफल टीमों में से एक है. उनके पास शानदार कप्तान है और बेहतरीन खिलाड़ी हैं. वे अपने प्रदर्शन में निरंतरता रखते हैं.’