सनराइजर्स हैदराबाद को अब तक आईपीएल-2021 के शुरुआती तीनों मुकाबलों में हार झेलनी पड़ी है और केन विलियमसन इनमें से किसी भी मैच में नहीं खेले. (Instagram)
सनराइजर्स हैदराबाद को आईपीएल के 14वें सीजन में अभी तक उसके तीनों मुकाबलों में हार झेलनी पड़ी है, केन विलियमसन ने इस सीजन अभी तक कोई मैच नहीं खेला है. उम्मीद है कि वह यदि हैदराबाद टीम में आते हैं तो मध्यक्रम को मजबूती मिलेगी. हैदराबाद टीम के मिडिल ऑर्डर में भी ऐसा खिलाड़ी नजर नहीं आता है जो टीम को अकेले दम पर संभाल सके. ऐसे में कप्तान डेविड वॉर्नर को भी विलियमसन के फिट होने का इंतजार है.
मुंबई इंडियंस ने IPL-2021 के 9वें मुकाबले में हैदराबाद टीम को 151 रन का लक्ष्य दिया लेकिन वॉर्नर की कप्तानी वाली टीम 19.4 ओवर में 137 रन पर ऑलआउट हो गई. हैदराबाद टीम के लिए केवल 4 बल्लेबाज ही दहाई के आंकड़े को छू सके. कप्तान डेविड वॉर्नर ने 36, जॉनी बेयरस्टो ने 43, विराट सिंह ने 11 और विजय शंकर ने 28 रन का योगदान दिया. मुंबई के गेंदबाजों ने कमाल का प्रदर्शन किया और पेसर ट्रेंट बोल्ट और स्पिनर राहुल चाहर ने 3-3 विकेट झटके.
इसे भी पढ़ें, IPL 2021: सनराइजर्स हैदराबाद की लगातार तीसरी हार, डेविड वॉर्नर को अब समझ आई वजह
डेविड वॉर्नर ने मैच के बाद कहा, ‘यह बेहद निराशाजनक है. इस मुकाबले में हम दो (वॉर्नर और जॉनी बेयरस्टो) सेट हो चुके थे लेकिन यह साबित होता है कि अगर आपकी बल्लेबाजी में गहराई नहीं है तो आप मैच नहीं जीत सकते. यदि आप एक साझेदारी बनाते हैं और अंत तक कोई एक खिलाड़ी मैदान पर टिका रहता है तो आसानी से लक्ष्य हासिल किया जा सकता है.’उन्होंने आगे कहा, ‘मिडिल ऑर्डर को स्मार्ट क्रिकेट खेलने की जरूरत है, इस मुकाबले में हमारे गेंदबाज शानदार रहे और यह विकेट पिछले मुकाबलों की तुलना में थोड़ा धीमा था. आप गलतियों से सीखते हैं और बल्लेबाजी में गहराई शीर्ष पर हमारी जिम्मेदारी है. हमें अब इस हार के बाद आगे बढ़ना है. हम फिजियो से भी बात करेंगे कि केन (विलियमसन) हमारी टीम में आ रहे हैं और वह आगामी मुकाबलों में बड़ी भूमिका निभाएंगे.’
इसे भी देखें, बेयरस्टो के छक्के से चकनाचूर हो गया डगआउट में रखा फ्रीज, बाल-बाल बचे हैदराबाद के खिलाड़ी
विलियमसन ने इस सीजन अभी तक कोई मुकाबला नहीं खेला है. उन्होंने आईपीएल करियर में 53 मैचों में कुल 1619 रन बनाए हैं जिनमें 15 अर्धशतक शामिल हैं. वह यदि हैदराबाद टीम में आते हैं तो मध्यक्रम को मजबूती मिलेगी. ऐसे में सीजन की अपनी पहली जीत का इंतजार कर रही हैदराबाद टीम को आने वाले मैचों में कुछ अच्छे परिणाम मिल सकते हैं.