माइकल वॉन ने भारत-इंग्लैंड के बीच हुई 4 टेस्ट की सीरीज की पिच पर लगातार सवाल उठाए थे.
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन (Michael Vaughan) ने भारतीय टीम को चुनौती दी है कि अगर टीम इंडिया (Team India) इस दौर की सर्वश्रेष्ठ टीम है तो इंग्लैंड को उसके घर में हराकर बताए.
वॉन ने आगे लिखा कि भारतीय टीम अब तक काफी बेहतर रही है. इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में पिछड़ने के बावजूद भारत ने लगातार तीन टेस्ट जीते. अगर वो इंग्लैंड में भी ऐसा करने में कामयाब रहते हैं तो बिना किसी संदेह के टीम इंडिया इस दौर की सबसे बेहतर टीम मानी जाएगी. लेकिन उन्हें इंग्लैंड में स्विंग गेंदबाजी का सामना करना होगा. भारतीय टीम का इंग्लैंड में पिछले दो दशक का रिकॉर्ड देखें तो वॉन की चुनौती से पार पाना टीम इंडिया के लिए आसान नहीं होगा. भारत ने पिछले 20 सालों में इंग्लैंड के घर में 5 टेस्ट सीरीज खेली है. इसमें से सिर्फ एक में उसे जीत मिली है. बाकी तीन में हार और एक ड्रॉ रही है.
भारत ने पिछली बार 2007 में इंग्लैंड को उसी के घर में तीन टेस्ट की सीरीज में 1-0 से हराया था. दिलचस्प बात ये है कि तब माइकल वॉन ही इंग्लैंड के कप्तान थे जबकि भारतीय टीम की कमान राहुल द्रविड़ के हाथों में थे. उस समय भारत ने सीरीज का पहला और तीसरा टेस्ट ड्रॉ कराया था जबकि दूसरे में इंग्लैंड को 7 विकेट से हराया था. इससे पहले 2002 में भी भारत ने इंग्लैंड दौरे पर 4 टेस्ट की सीरीज 1-1 से ड्रॉ कराई थी. तब सौरव गांगुली टीम इंडिया के कप्तान थे.
माइकल वॉन ने भारतीय टीम को इंग्लैंड को उसी के घर में हराने की चुनौती दी है. (Michael Vaughan/Twitter)
इंग्लैंड के घर में भारत पिछली 3 टेस्ट सीरीज हारा है
इंग्लैंड के घर में पिछली तीन सीरीज में भारत को हार झेलनी पड़ी है. 2018 में इंग्लैंड ने भारत को 5 टेस्ट की सीरीज में 4-1 से हराया था. इससे 4 साल पहले भी इंग्लैंड ने 5 टेस्ट की घरेलू सीरीज में भारत को 3-1 से शिकस्त दी थी और इससे तीन साल पहले भी टीम इंडिया के हाथ मायूसी ही आई. जब उसे इंग्लैंड ने 4 टेस्ट की घरेलू सीरीज में क्लीन स्वीप किया था. अगर दोनों देशों का ओवरऑल रिकॉर्ड देखें तो इंग्लैंड के खिलाफ भारत ने 34 टेस्ट सीरीज खेली है. इसमें से उसे 11 में जीत और 19 में हार मिली है. दोनों के बीच 4 सीरीज ड्रॉ रही है.
भारत ने घर में इंग्लैंड को पिछली 6 में से 4 सीरीज में हराया
अगर पिछले 20 साल में इंग्लैंड के खिलाफ घर में भारत का प्रदर्शन देखें तो मेजबान टीम का पलड़ा भारी नजर आता है. मौजूदा सीरीज को शामिल कर दें तो इस दौरान दोनों टीमों के बीच भारत में 6 टेस्ट सीरीज हुई. इसमें से 4 भारत ने तो एक इंग्लैंड ने जीती, जबकि दोनों देशों के बीच एक सीरीज ड्रॉ रही. इंग्लैंड ने पिछली बार 2012-13 में भारत दौरे पर चार टेस्ट की सीरीज 2-1 से जीती थी. ऐसे में ऑस्ट्रलिया को लगातार दो सीरीज में उसके घर में हराने के बाद भारत का अगला लक्ष्य इंग्लैंड ही. क्योंकि भारत को इसी साल अगस्त-सितंबर में इंग्लैंड के खिलाफ उसकी घर में 5 टेस्ट की सीरीज खेलनी है.