ग्वालियर में बस पलटने से चारों तरफ चीख-पुकार मच गई.
Gwalior bus accident: जौरासी घाट पर रफ्तार में जा रही बस पलट गई. हादसे में 2 मजदूरों की मौत हो गई. बस पलटने से करीब 15 मजदूर घायल हो गए. ये मजदूर दिल्ली से पलायन कर रहे थे. लॉकडाउन के डर से हो रहा था पलायन.
जानकारी के मुताबिक, नई दल्ली से बस (UP93 CT-8593) में ठसाठस भरकर मजदूर परिवार सहित मप्र के छतरपुर के लिए रवाना हुए. ये बस ग्वालियर पहुंची मंगलवार सुबह 7 बजे. यहां कुछ मजदूर उतर गए. थोड़ी देर के बाद ड्राइवर ने बस की स्पीड बढ़ा दी.
छत पर बैठे मजदूर आ गए बस के नीचे
इस दौरान बस अभी झांसी रोड पर स्थित जौरासी घाटी पहुंची ही थी कि अनियंत्रित हो गई. गाड़ी पलटने के साथ ही चीख-पुकार मच गई. कुछ मजदूर छत पर बैठे थे वो बस के पलटने से नीचे दब गए. शोर सुनकर आसपास के गांव वाले पहुंच गए और राहत के काम में जुट गए. इस दौरान कई यात्रियों ने खिड़कियों से कूदकर जान बचाई है.बताया जाता है कि आसपास के लोगों ने बस की खिड़कियों के कांच तोड़े और अंदर घुसे. वहां से उन्होंने बच्चों-महिलाओं को बाहर निकाला. कुछ महिलाओं ने बस से कूदकर अपनी जान बचाई है. इसके बाद पुलिस कप्तान अमित सांघी खुद स्पॉट पर पहुंच गए. पुलिस ने क्रेन की मदद से बस को उठवाकर अन्य घायलों को बाहर निकलवाया.