Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
इंदौर29 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
पूजा के साथ जन्मदिन मानते कंप�
कमला नेहरू कॉलोनी में कंपनी कमांडर की गर्भवती पत्नी पूजा उर्फ जाह्नवी की हत्या के मामले में मल्हारगंज पुलिस ने शनिवार को खुलासा किया है। पता लगा है, वारदात के एक दिन पहले ही कंपनी कमांडर की दो शादियों का राज दोनों बीवियों के सामने आया था। दूसरी पत्नी ने पहली पत्नी को फोन लगाकर विवाद भी किया था।
इसके बाद पहली पत्नी ने पति को फोन कर बच्चों समेत आत्महत्या की धमकी भी दी थी। पहली पत्नी के यहां लंबी मीटिंग भी हुई। इसी दौरान हुए विवाद के बाद ही कंपनी कमांडर के भाई ने गुस्से में इंदौर में रहने वाली अपनी ही भाभी की हत्या कर दी।
पूजा के साथ कंपनी कमांडर।
मल्हारगंज थाना क्षेत्र स्थित रामदुलारी एवेन्यू के फ्लैट में शुक्रवार शाम गर्भवती महिला की लाश मिली थी। उसकी पहचान पूजा उर्फ जान्हवी पति जितेंद्र के के रूप में हुई थी। पति जितेंद्र पुलिस में पदस्थ है और कंपनी कमांडर है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में पता चला कि पूजा की गला घोंटकर हत्या की गई थी। वह 8 महीने की गर्भवती भी थी। मामले में पुलिस ने पूजा के पति जितेंद्र के छोटे भाई राहुल समेत तीन लोगों को फिलहाल आरोपी बनाया है।
दोनों शादियों का नहीं था पता
पूजा कंपनी कमांडर जितेंद्र असके की दूसरी पत्नी थी। जानकारी के अनुसार दोनों को ही जितेंद्र की असलियत के बारे में पता नहीं था। वारदात के एक दिन पहले ही पूजा को मालूम चला था कि जितेंद्र पहले से शादीशुदा है। उसके बच्चे भी हैं। पूजा ने जितेंद्र के मोबाइल से पहली पत्नी का फोन नंबर निकाला। उसे फोन कर विवाद किया था। इसके बाद पहली पत्नी ने जितेंद्र को फोन कर धमकी भी दी थी। इस पर जितेंद्र पहली पत्नी के पास पहुंचा। वहां उसने देवर राहुल को भी बुला लिया था।
राहुल ने पूजा का गला घोंटा
बताया जा रहा है, घर में जमकर विवाद भी हुआ था। जितेंद्र का छोटा भाई राहुल इस दूसरी शादी से पहले से ही खफा था। घर में हुए कलह के बाद वह नाराज हुआ। अपने दो साथियों के साथ इंदौर आया था। इंदौर में वह पूजा के पास गया, जहां दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद के चलते राहुल ने पूजा का गला घोंट दिया।
पुलिस विभाग में राहुल भी
राहुल भी पुलिस विभाग में ही पदस्थ है। सूत्रों के मुताबिक उसे हिरासत में ले लिया गया है। इधर, पता चला है कि जितेंद्र ने पहले पूजा को लिव इन रिलेशन में रखा था। पहले आनंद बाजार में कमरा किराए पर लेकर यहां साथ रहते थे। बाद में मल्हारगंज में फ्लैट लिया था। बताया जा रहा है, पूजा के परिवार वाले लगातार शादी के लिए दबाव बना रहे थे। वह चाहते थे कि पूजा और जितेंद्र की कोर्ट मैरिज हो जाए। इसके बाद दोनों ने मंदिर में शादी कर ली थी। पुलिस अब मामले में कंपनी कमांडर की भी भूमिका की भी जांच कर रही है।
बहन का आरोप- हत्या में जीजा भी शामिल
पूजा की बहन दुर्गा ने जीजा जितेंद्र व धार में रहने वाली उसकी पहली पत्नी अन्नू पर भी आरोप लगाया है। दुर्गा के मुताबिक शुक्रवार शाम 7 से 8 बजे के बीच पूजा ने कॉल किया था। उसका कहना था, जितेंद्र अच्छा व्यवहार नहीं कर रहे। चरित्र शंका को लेकर मारपीट करते हैं। दुर्गा का आरोप है कि जितेंद्र ने पहली शादी के बारे में बहन को नहीं बताया था। उन्होंने झूठ बोलकर शादी की थी।
मुझे पड़ोसियों ने बेहोश होने की सूचना दी थी
इधर, 34वीं बटालियन में कंपनी कमांडर जितेंद्र असके वर्तमान में इंदौर पुलिस कंट्रोल रूम में पदस्थ हैं। उन्होंने बताया, पूजा ने मुझसे दूसरी शादी की थी। मैंने उसे पहली पत्नी की जानकारी दे रखी थी, लेकिन वह मुझसे प्यार करती थी, इसलिए शादी की। इसकी जानकारी उसके परिवार को भी थी। कल मुझे पड़ोसियों ने उसके बेहोश होने की जानकारी दी, तो मैंने एंबुलेंस बुलाई। एंबुलेंस वालों ने मुझे पत्नी के मृत होने की जानकारी दी। उसके परिवार वालों ने मुझ पर उसकी हत्या के झूठे आरोप लगाए हैं। पूजा को 8 माह का गर्भ था। मेरे उससे संबंध भी अच्छे थे।