- Hindi News
- Local
- Mp
- Ujjain
- Avantika Gas Pipeline Bursts, Connections To 5 Thousand Homes Closed, Supplies Started After Two Hours
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
उज्जैन3 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
गैस लाइन सुधारता कर्मचारी।
- एक महीने में 16 बार गैस लाइन लीकेज हो चुकी
घरों में पाइप लाइन से रसोई गैस सप्लाई करने वाली अवंतिका गैस की मेन पाइप लाइन बुधवार को टाटा की खुदाई में फूट गई। इससे पांच हजार घरों के कनेक्शन बंद हो गए। कंपनी ने सुधार कार्य शुरू कर दिया। शाम 7.30 बजे तक सप्लाई फिर से शुरू हो सकी। गैस कंपनी का कहना है कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा हो सकता था। अवंतिका गैस लिमिटेड द्वारा शहर में पाइप लाइन से रसोई गैस सप्लाई की जाती है। शहर में इसके लिए मेन रोड से लेकर गली मोहल्लों में पाइप लाइन बिछाई गई है। इधर शहर में सीवरेज पाइप लाइन डालने का काम टाटा प्रोजेक्ट्स द्वारा किया जा रहा है। बुधवार को दो तालाब के पास टाटा की खुदाई के दौरान मेन लाइन फूट गई।
इससे साईं धाम कॉलोनी, सुभाषनगर, मंछामन नगर, परवाना नगर, चाणक्य पुरी, सूरज नगर, बेगमपुरा, केशवनगर, गोवर्धनधाम, विवेकानंद, कंचनपुरा, मनसरोवर, अलखधाम, शास्त्रीनगर क्षेत्र में गैस सप्लाई बंद हो गई। कंपनी की टीम ने मौके पर पहुंचकर सुधार कार्य शुरू किया। मेन लाइन बंद होने से करीब 5 हजार कनेक्शन बंद हो जाने से कंपनी के पास शिकायतों का अंबार लग गया।
एक-दूसरे पर तोहमत लगा रहे
अवंतिका गैस के सुमित सिंह ने बताया टाटा प्रोजेक्ट्स द्वारा की जा रही खुदाई की जानकारी नहीं देने के कारण बड़ा हादसा हो सकता था। मेन पाइप लाइन डैमेज होने से कुछ भी हो सकता है। उन्होंने बताया कि कंपनी की इमरजेंसी टीम हमेशा तैनात रहती है। जानकारी मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई, जिससे वॉल बंद कर लीकेज रोक दिया।
इसके बाद सुधार कार्य शुरू किया। इधर टाटा प्रोजेक्ट्स के आशीष सिंघई का कहना है कि जहां भी खुदाई होती है, उसकी जानकारी संबंधित विभाग (पानी और गैस पाइप लाइन) वालों को दी जाती है। उनकी टीम भी मौके पर रहती है।
खुदाई से बार-बार लीकेज
अवंतिका गैस के अधिकारियों का कहना है कि सीवरेज की खुदाई के दौरान बार-बार लीकेज हो रहे हैं। एक महीने में 16 बार ऐसी घटनाएं हो चुकी है। इसकी शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही। इसलिए खतरा हमेशा बना रहता है।