- बालाघाट के रामपायली थाना क्षेत्र की घटना
- कार चालक और मालिक पटवारी बताया जा रहा
दैनिक भास्कर
Jun 27, 2020, 09:36 PM IST
बालाघाट. बालाघाट के रामपायली थाना के सेलोटपार में शुक्रवार की रात डोंगरमाली सड़क किनारे किराना दुकान में कार घुसने से दुकानदार समेत तीन लोगों की मौत हो गई। कार चालक शराब के नशे में था और उसके साथ में अन्य तीन लोग सवार थे। हादसे के बाद चालक समेत तीन अन्य लोग मौके से फरार हो गए। मरने वालों की पहचान कुलदीप कलियारे (23 वर्ष) दुकानदार और मानिकराम (35 वर्ष), अशोक (36 वर्ष) के रूप में हुई। बताया जा रहा है कार चालक पटवारी है और नशे में कार चला रहा था।
पुलिस के अनुसार, सेलोटपार निवासी कुलदीप की किराना दुकान बेनी सतोना मार्ग पर है। वह रोजाना की तरह दुकान पर बैठा था तभी गांव के मानिकराम और अशोक दुकान में सामान लेने पहुंचे थे। इस बीच अपने गांव लौट रहे कार चालक ने सड़क किनारे किराना दुकान में कार घुसा दिया, जहां दुकान में बैठे मानिकराम दांदरे, अशोक दांदरे ने मौके पर दम तोड़ दिया।
दुकानदार कुलदीप कलियारे गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए गोंदिया के अस्पताल में जाया गया जहां पर उसकी मौत हो गई। घटना के बाद कार चालक और उसके साथी मौके पर ही वाहन छोड़ कर फरार हो गए।
कार मालिक है पटवारी, ग्रामीणों के अनुसार नशे में घुत था चालक
पुलिस ने आरोपी कार चालक के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है। कार का पंजीकृत मालिक कुलदीप मड़ावी बताया जा रहा हैं, जो कि राजस्व विभाग में पटवारी के पद पर काम कर रहा है। क्षेत्र की ग्राम पंचायत भेंडारा के ढीमरटोला का निवासी बताया जा रहा है।
ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार चालक और उसके साथी इस दौरान नशे में धुत थे जो की पार्टी कर अपने गांव लौट रहे थे। इस दौरान नशे की हालत में उन्होंने अनियंत्रित कार दुकान में घुसा दी। कार में सवार अन्य तीन लोग ग्राम डोंगरमाली निवासी बताए जा रहे हैं।