48 year old Pravin Tambe will be played in CPL for Shahrukh khan’s team | IPL से ठुकराए गए 48 साल के ये लेग स्पिनर, अब किंग खान की टीम से खेलेंगे CPL

48 year old Pravin Tambe will be played in CPL for Shahrukh khan’s team | IPL से ठुकराए गए 48 साल के ये लेग स्पिनर, अब किंग खान की टीम से खेलेंगे CPL


नई दिल्ली: कहा जाता है कि खेलने की कोई उम्र नहीं होती, बस आपके अंदर जज्बा होना चाहिए. इस बात को बार-बार सही साबित करते रहने की सनक है मुंबई के 48 साल के लेग स्पिनर प्रवीण तांबे (Pravin Tambe) में. यही कारण है कि जिस उम्र में कोई भी क्रिकेटर अपने घर बैठकर क्रिकेट से संन्यास लेने के 8-10 साल बिता चुका होता है, उस उम्र में प्रवीण तांबे ने वेस्टइंडीज की कैरेबियाई प्रीमियर लीग (CPL)का कांट्रेक्ट हासिल कर लिया है. सीपीएल की टीम त्रिनबागो नाइट राइडर्स (Trinbago Knight Riders) ने तांबे को अपनी टीम में लिया है. यह लीग 18 अगस्त से 10 सितंबर तक खेली जाएगी.

यह भी पढ़ें- उस दिन जयपुर में धोनी ने खेली थी धमाकेदार पारी, पस्त हो गई थी लंका सेना

शाहरुख खान की हिस्सेदारी वाली है टीकेआर भी
सीपीएल की टीम टीकेआर यानी त्रिनबागो नाइट राइडर्स में भी बॉलीवुड के किंग शाहरुख खान (Shahrukh Khan)की हिस्सेदारी है. उन्होंने ही टीकेआर के नाम में अपनी आईपीएल (IPL) टीम कोलकाता नाइट राइडर्स (Kolkata Knight Riders) की तर्ज पर नाइट राइडर्स जोड़ा था. किंग खान का टीम से जुड़ाव ही तांबे के काम आया है. 

आईपीएल में भी केकेआर में थे तांबे, बीसीसीआई ने रोक दिया था
आईपीएल के इस सीजन के लिए भी तांबे केकेआर की ही टीम में चुने गए थे, लेकिन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की नाराजगी के कारण उन्हें टीम से हटा दिया गया था. दरअसल बीसीसीआई तांबे के यूएई में अनधिकृत टी10 लीग में खेलने के कारण नाराज था और इसी कारण उन्हें आईपीएल में खेलने से रोक दिया था.

टीमों के लॉयजन अधिकारी से बन गए थे क्रिकेटर
तांबे मुंबई क्रिकेट में क्लब लेवल पर पिछले ढाई दशक से जाना-पहचाना नाम हैं. उन्हें साल 2000 में मुंबई रणजी टीम के संभावितों में भी चुना गया था, लेकिन मैच खेलने का मौका नहीं मिला. बाद में उन्होंने नौकरी शुरू कर दी, लेकिन क्लब क्रिकेट खेलते रहे. उन्हें मुंबई के डीवाई पाटिल क्रिकेट स्टेडियम में आने वाली टीमों के लॉयजन अधिकारी का काम दिया जाता था. इसी दौरान राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals)के टीम प्रबंधन ने उनकी प्रतिभा को पहचाना और 2013 आईपीएल सीजन में उन्हें अपनी तरफ से खेलने का मौका दे दिया. उस समय तांबे की उम्र 41 साल थी और इस फैसले ने पूरे क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया था.

चैंपियंस लीग से चमका था सितारा
तांबे ने अपने पहले आईपीएल सीजन में अच्छा प्रदर्शन किया था. इसके बाद 2013 चैंपियंस लीग टी20 क्रिकेट में भी उन्हें राजस्थान रॉयल्स की तरफ से खेलने का मौका मिला, वे लीग में महज 6.5 के रन औसत से 12 विकेट लेकर किसी भी टीम की तरफ से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने थे. इसी प्रदर्शन के चलते उन्हें मुंबई रणजी टीम में 2013-14 के सीजन के लिए शामिल किया गया, लेकिन उन्होंने 2 मैच में महज 2 विकेट लिए. इसके बाद 2014 के आईपीएल में तांबे ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ हैट्रिक लेकर सभी को चौंका दिया था. तांबे आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के अलावा गुजरात लॉयंस और सनराइजर्स हैदराबाद के लिए भी खेल चुके हैं. 





Source link