बारिश का मौसम नाका रोड पर दुकान लगाने वाले लोगों तथा रहवासियों के लिए परेशानी लेकर आता है। 5 साल से इस नाका रोड पर रहने वाले लोग व दुकानदार तेज बारिश के बाद दुकानों व घरों में पानी घुसने से परेशान हैं, लेकिन नपा लोगों की इस समस्या का अब तक समाधान नहीं कर पाई है। सारंगपुर रोड से काॅन्वेंट स्कूल की अाेर जो नाला नपा बनवा रही है, वह नाला भी आने वाले दिनों में लोगों के लिए मुसीबत लेकर आएगा।
कांग्रेस व्यापार एवं उद्योग प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष हनुमानदास गुप्ता व केमिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष राजेश मेठी ने बताया गुरुवार रात व शुक्रवार दोपहर हुई तेज बारिश के बाद सड़क पर पानी का जमाव होने लगा। कुछ ही देर में यह पानी दुकानों व घरों में घुसने लगा। होटल व्यवसायी गोलू जाट का कहना है कि दुकानों के सामने दो से ढाई फीट पानी जमा हो जाता है। रुक-रुक कर बारिश होती है तो पानी नालियों में बहकर निकल जाता है, लेकिन तेज बारिश होते ही हमारी चिंता बढ़ जाती है। स्थानीय दुकानदारों ने बताया दुकानों के पीछे जो नाली बनी हुई है वह काफी छोटी है। तेज बारिश के कारण नाली का गंदा पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर आ जाता है। गत वर्ष पानी निकालने के लिए नाका चाैराहे पर जो चेंबर बनाया गया था वह काफी ऊंचा है। इस कारण सड़क का गंदा पानी चेंबर तक पहुंच नहीं पाता। जिस समय नाके पर नाला निर्माण हो रहा था उस समय व्यापारियों ने तात्कालीन कलेक्टर अजय गुप्ता को ज्ञापन देकर समस्या का स्थाई समाधान करने की मांग भी की थी। वर्तमान में नपा सारंगपुर रोड स्थित निजी शाॅपिंग माॅल के सामने से पुष्पा काॅन्वेंट स्कूल के सामने तक करीब 64 लाख रुपए की लागत से क्रास नाले का निर्माण करवा रही हैं। नाला निर्माण में ठेकेदार द्वारा अनियमितता बरती जा रही है। जानकार लोगों का कहना है कि ड्राइंग डिजाइन व इस्टीमेट के विपरीत तो काम हो भी रहा है।
नपा ने नाला निर्माण के दौरान ओटले व पुराने पाइप डालकर बनाई गई नालियों को नहीं हटाया है, इस कारण नाले की चाैड़ाई काफी कम हो गई है, जबकि इस नाले में छावनी व बारिश का इतना पानी आएगा कि पानी नाले से बाहर काॅन्वेंट स्कूल रोड व पंचवटी काॅलोनी में रहने वाले लोगों के घर में घुसने लगेगा। नाले का निर्माण इतना घटिया किस्म का है कि 4 दिन पहले नाले का जो हिस्सा ठेकेदार ने बनवाया था। गुरुवार रात हुई तेज बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हो गया। शुक्रवार सुबह ठेकेदार ने मजदूर लगाकर ठीक कराने का काम किया। सूत्र बताते है कि जिन लोगों के ओटले, नाले के बीच में आ रहे है उन्होंने तोड़ने की सहमति भी दे दी थी। इसके बाद भी उन ओटलों को हटाए बिना नाले का निर्माण जारी है। इसी प्रकार नाले का निर्माण होता रहा तो काॅन्वेंट स्कूल, दि शेफर्ड व दरबार कोठी स्कूल जाने वाले बच्चे व अभिभावकों के साथ ही बैजनाथ महादेव जाने वाले लोगों को परेशानी होगी।
जल्द ही निरीक्षण करेंगे
^छावनी नाका क्षेत्र में पानी सड़क पर जमा होने की समस्या का समाधान करने के लिए जल्द ही निरीक्षण कर व्यापारियों से बात की जाएगी। सारंगपुर रोड से कॉन्वेंट स्कूल की ओर बनाए जा रहे नाले का कुछ हिस्सा तरापा लगा रह जाने के कारण क्षतिग्रस्त हुआ था उसे ठीक कराने के लिए ठेकेदार को कहा गया है। जो छोटे पाइप नाले के बीच में आ रहे हैं उनके लिए संबंधित से सहमति लेने का प्रयास किया जा रहा है ताकि नाला व्यवस्थित बन सके।
निधि पटेल, उपयंत्री नगर पालिका परिषद आगर मालवा