- Hindi News
- Local
- Mp
- Indore
- Indore Congress MLA Sanjay Shukla Expressed Anger On Collector Manish Singh And Administration
इंदौर4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला, विधायक विशाल पटेल और शहर अध्यक्ष विनय बाकलीवाल मध्यक्षेत्र के व्यापारियों से मिले, जहां उनका स्वागत किया गया।
- कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला ने उनके विधानसभा में मंदिर तोड़ने के लिए दिए गए नोटिस को लेकर भी आंदोलन की चेतावनी दी
- इंदौर में पूरी तरह से बाजार खुलने की घोषणा के बाद मध्य क्षेत्र के व्यापारियों ने विधायक शुक्ला का माला पहनाकर स्वागत किया
कोरोनाकाल में इंदौर की राजनीति गरम है। लंबे समय से उठ रही पूरे बाजार को खोलने की मांग पूरी क्या हुई अब श्रेय लेने की होड़ मच गई है। कलेक्टर के आदेश के बाद गुरुवार से शहर के सभी बाजार पूरी तरह से खुल जाएंगे। कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला मंगलवार को प्रशासन पर कांग्रेस की उपेक्षा का आरोप लगाते अपनी वाणी में कंट्रोल नहीं रख पाए। गुस्साए विधायक ने यहां तक कह दिया कि असल में इंदौर कलेक्टर तो भाजपा नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे हैं, कलेक्टर तो पीए का काम कर रहे हैं।
उनके विधानसभा क्षेत्र स्थित मंदिर को तोड़ने का नोटिस जारी करने को विधायक ने दुभार्ग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा मैं यहां का विधायक हूं, लेकिन दुर्भाग्य से मैं कांग्रेसी हूं। अभी भाजपा की सरकार है, मैंने व्यापारियों की लड़ाई लड़ी, ठेलेवालों को न्याय दिलवाया, अब इन्हें लग रहा है कि यहां से इनकी जमीन खिसक रही है तो ये ऐसी हरकत कर रहे हैं। द्वारिकापुरी स्थित यह मंदिर 25 साल पुराना है। यहां संतों की कोठी भी बनी हुई है, गाेशाला है, कहीं कोई अवैध निर्माण नहीं है। यहां की एक ईंट भी गिरी तो बुलडोजर हमारे ऊपर से गुजरेगा। विधायक ने कहा कि भाजपा अयोध्या में राम मंदिर बनाने की बात कह रही है, शहर में मंदिर तोड़ने पर उतारू है। मंदिर तोड़ा तो ईंट से ईंट का जवाब देेंगे। इंदौर में ज्यादातर मंदिर बगीचों में बने हैं, वे इसलिए की उनकी देखरेख हो सके।
विधायक बोले – भाजपा के नगर अध्यक्ष असल में कलेक्टर
आज की तारीख में तो इंदौर कलेक्टर एक पीए बनकर रह गए हैं। कलेक्टर तो भाजपा नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे हैं, इंदौर की जो भी घोषणाएं हो रही हैं, रणदिवे कर रहे हैं। वे कलेक्टर से मिलने गए और फिर रात में बाजारों को खोलने की घोषणा कर दी। भाजपा के लोग कलेक्टर बन गए हैं और कलेक्टर पीए बनकर काम कर रहे हैं। मैं उनसे कहना चाहता हूं कि यदि मेरी विधानसभा में कहीं भी कार्रवाई की तो उसका मुंह तोड़ जवाब दिया जाएगा। यदि इस मंदिर को तोड़ा तो उनके बंगले के सामने मंदिर बना दूंगा और मूर्ति भी स्थापित कर दूंगा।
कलेक्टर ने ना बैठक में बुलाया ना हमसे मिले
विधायक ने कहा कि हमने कलेक्टर से मिलने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं मिले, कहा कि आपदा प्रबंधन समूह की बैठक में बात करेंगे, लेकिन हमें बैठक में भी नहीं बुलाया गया, जबकि हम यहां तीन विधायक और हमारे शहर अध्यक्ष कमेटी में शामिल हैं। कलेक्टर ने भाजपा के हारे हुए विधायकों तक से बात की। इसके बाद आगामी त्योहारों को देखते हुए बाजार को खोलने की घोषणा की गई। इन्हें लगा कि यदि हम बैठक में आ जाएंगे तो बाजार खुलवाने का पूरा श्रेय कांग्रेसियों को मिल जाएगा।
100 केस कर दें, जेल में डाल दें, फिर भी जनता की लड़ाई लडूंगा
विधायक ने कहा कि भाजपा हिंदू धर्म का ढोंग करती है। कांग्रेस ही हिंदू धर्म को निभा रही है। हम हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई सभी को साथ लेकर चलते हैं। कोरोना महामारी में भी ये मंदिर तोड़ने की बात कर रहे हैं। यदि इन्होंने ऐसा कि तो पूरी कांग्रेस सड़क पर उतरेगी। मुझे जनता ने चुना है, उनके लिए लडूंगा, चाहे फिर 100 केस कर दें या जेल में बंद कर दें।
0