अशोक नगर27 मिनट पहले
अशोक नगर में दिगंबर जैन सोशल शास्वत ग्रुप के अध्यक्ष शैलेंद्र जैन की कोरोना से मौत हो गई। उनके 10 और 12 साल के मासूम बेटों ने पीपीई किट पहनकर पिता का अंतिम संस्कार किया।
- शैलेंद्र जैन दिगंबर जैन समाज के सोशल ग्रुप शास्वत के अध्यक्ष थे शैलेंद्र जैन
- मौत के दो घंटे बाद उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई
अशोक नगर में दिगंबर जैन सोशल शास्वत ग्रुप के अध्यक्ष की कोरोना से मौत हो गई। उनके 10 और 12 साल के बेटों ने पीपीई किट पहनकर पिता का अंतिम संस्कार किया। उनकी मौत के दो घंटे बाद उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। जिले में कोरोना से यह पांचवीं और जिला मुख्यालय में कोरोना से दूसरी मौत है।
इलाज के दौरान शैलेंद्र जैन की मौत हो गई। मौत के करीब दो घंटे बाद उनका कोरोना सैंपल पॉजिटिव निकला। -फाइल फोटो
दिगंबर जैन समाज के सोशल ग्रुप शास्वत के अध्यक्ष शैलेंद्र जैन पेशे से मेडिकल व्यवसायी थे।उन्हें तबियत खराब होने पर सुबह जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कुछ ही देर में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। भर्ती कराते ही जैन का कोविड-19 टेस्ट ट्रूनेट मशीन पर कराया गया। उनकी मौत के दो घंटे बाद कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हो गई।
शाम को मुक्तिधाम पर जैन का अंतिम संस्कार उनके 12 और 10 साल के बेटों ने पीपीई किट पहनकर किया। परिजन और अन्य लोग काफी दूरी पर खड़े होकर उनको अंतिम विदाई देते हुए नजर आए। एहतियात के तौर पर प्रशासन की टीम से तहसीलदार रोहित रघुवंशी सहित प्रशासनिक अमला भी अंतिम संस्कार के दौरान मौजूद रहे। जिले में कोरोना से यह 5वीं मौत हुई है। अब तक कुल संक्रमित बढ़कर 160 तक पहुंच गए हैं। इनमें से 138 संक्रमित ठीक हो चुके हैं।