इंदौर2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
बारिश के बाद बीआरटीएस पर दिखा ऐसा नजारा।
- एयरपोर्ट क्षेत्र, महूनाका, राजबाड़ा, बाणगंगा क्षेत्र में हुई तेज बारिश
- 15 सितंबर से मानसून की राजस्थान से विदाई शुरू हो जाएगी
रविवार को मौसम ने कई बार रंग बदले। दिन की शुरुआत तेज धूप से हुई। दोपहर होते-हाेते आसमान पर बादल छाए और शाम को करीब आधे घंटे तेज बारिश हुई। इसके बाद रात में फिर से एक घंटे झमाझम का दौर चला।
शुरुआत दोपहर साढ़े 3 बजे बाद पश्चिमी इंदौर यानी एयरपोर्ट क्षेत्र, महूनाका, राजबाड़ा, बाणगंगा क्षेत्र से हुई। चंद मिनटों में शहर के अन्य इलाकों में भी बदरा बरसने लगे। इस दौरान 21 मिमी यानी पौन इंच से अधिक हुई। इसे मिलाकर अब तक कुल 1045.8 मिमी यानी 41.1 इंच पानी बरस गया। रात की बारिश को भी मिला दें तो करीब 42 इंच बारिश हो चुकी है। अब तक औसत से 8 इंच ज्यादा पानी गिर चुका है। सोमवार को भी बारिश होने की संभावना है।
इधर, दो-तीन दिन से हो रही बारिश के बावजूद रविवार को अधिकतम तापमान शनिवार के मुकाबले 0.2 डिग्री बढ़कर 33.6 डिग्री रिकाॅर्ड किया गया। यह सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा है। न्यूनतम तापमान भी 0.6 डिग्री बढ़कर 23.4 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया। यह भी सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा है। शनिवार को दिन-रात का तापमान क्रमश: 33.4 और 22.8 डिग्री सेल्सियस रहा था। इधर, 15 सितंबर से मानसून की राजस्थान से विदाई शुरू हो जाएगी। इसका असर राजस्थान से लगे उत्तर-पश्चिमी मध्यप्रदेश के जिलों में भी होगा। कभी धूप, कभी बादल तो कहीं-कहीं बारिश हो सकती है।
0