- Hindi News
- Local
- Mp
- Khandwa
- Earned 900 Rupees, Diesel Cost Of 2 Thousand Rupees In Khargone To And From Khandwa, Even Salary Did Not Come Out
खंडवा20 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
- पहले दिन मात्र 4 सवारी लेकर खरगोन पहंुची बस, यात्री और बस ऑपरेटर्स असमंजस में
पांच महीने बाद शुक्रवार से शहर से बसों का संचालन शुरू हुआ। पहले दिन खरगोन, झिरनिया रूट पर तीन बसें दौड़ीं। खरगोन की ओर जाने वाली बस क्रमांक एमपी 10 पी 7171 काे मात्र एक यात्री व तीन अन्य यात्री छैगांवमाखन, देशगांव व भीकनगांव के लिए सवार हुए। कुल चार यात्रियों को लेकर बस रवाना हुई। खरगोन तक पहुंचने में कुल 400 व वापसी में 500 रुपए कमाए। 2 हजार रुपए का डीजल पर खर्च हो गए। इतने रुपए में ड्राइवर-कंडक्टर का खर्च भी नहीं निकला। कुल मिलाकर पहला दिन घाटे का रहा।
टैक्स माफी की घोषणा के बाद बस मालिक सभी रूट पर बसें चलाने के लिए राजी हो गए हैं। जिले में करीब 300 बसें संचालित होती हैं। अधिकांश रूटों पर हर पांच मिनट में बसें उपलब्ध रहती हैं, लेकिन अभी मात्र तीन बसें ही शुरू हुई हैं, जो खरगोन व झिरनिया तक जा रही हैं। शनिवार से खालवा, हरसूद व अन्य ग्रामीण मार्गों पर भी बसें शुरू हो सकती हैं। बस मालिक राजीव शर्मा ने कहा शुरुआत के 10-15 दिन नुकसान होगा, क्योंकि अब तक लोग असमंजस में हैं। पहले दिन बसों को पर्याप्त सवारियां नहीं मिलीं।
बस मालिक बोले- असमंजस की वजह से शुरुआत के 10-15 दिन नुकसान होगा
असमंजस में बस मालिक, इसलिए 300 में से 3 ही चली
कोरोनाकाल में पांच महीने के टैक्स माफी की घोषणा सरकार ने की है, लेकिन यह आदेश अब तक परिवहन विभाग की वेबसाइट पर अपलोड नहीं हुआ है। एआरटीआे खंडवा को भी लिखित सूचना नहीं आई है। परमिट लेने के लिए इच्छुक बस मालिकों को ऑनलाइन टैक्स संबंधी छूट का स्टेटस नहीं दिखाई नहीं दे रहा है। इस कारण 300 में मात्र 3 ही बसें चालू हुई। बस मालिक राजीव शर्मा ने बताया सभी ऑपरेटर्स बसें संचालित करने के लिए तैयार है। प्रत्येक बस पर मैंटेनेंस खर्च 15 से 20 हजार रुपए आ रहा है। कई बसों की बैटरी चोरी हो गई तो कुछ के टायर पंक्चर हो गए। इसके अलावा भी कई काम निकलने वाले है।
सितंबर के 15 दिन का देना होगा टैक्स
सरकार ने 5 महीने का टैक्स पूरी तरह से माफ कर दिया है। जबकि सितंबर माह के 15 दिन का टैक्स देना होगा। जिले में 300 बसों का करीब 2 करोड़ रुपए का टैक्स माफ होगा। अब तक एक भी बस मालिक टैक्स के संबंध में परिवहन विभाग नहीं पहुंचा। क्योंकि परमिट के लिए बस चालक ऑनलाइन ऑप्शन पर जा रहे हैं ताे पुराना टैक्स ही दिख रहा है।
पांच महीने बाद बस स्टैंड पर आवाज गूंजी
बस स्टैंड पर पांच महीने बाद आवाज गूंजी छैगांवमाखन, देशगांव, बमनाला, भीकनगांव, खरगोन, झिरनिया की ओर जाने वाले यात्रियों का स्वागत है। बस सेवा शुरू होने की जानकारी मिलने पर कई कंडक्टर-ड्राइवर और एजेंटों ने पहुंचकर खरगोन रूट पर शुरू हुई बस के ड्राइवर दिनेश साेलंकी व कंडक्टर इमरान खान काे शुभ यात्रा के लिए बधाइयां दी।
बस स्टैंड से बंद हो अवैध परिवहन
कोरोना काल में बस सेवा बंद होने से स्थानीय बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन परिसर से अवैध टैक्सियों का परिवहन हो रहा है। इनके द्वारा यात्रियों से मनमाना किराया लिया जा रहा है। मजबूरी में अब तक यह सफर जारी था, लेकिन अब बस ऑपरेटर्स और ड्राइवर-कंडक्टरों ने बस स्टैंड से टैक्सी संचालन को तत्काल बंद करने की अपील की है।
इंदौर के लिए अभी और इंतजार… मोरटक्का पुल पर डामरीकरण का शुरू हुआ काम
खंडवा-इंदौर बस शुरू होने में अभी समय लग सकता है। मोरटक्का स्थित नर्मदा नदी के पुल का मेंटेनेंस जारी है। इस कार्य में 15 दिन लग सकते हैं। उधर, शुक्रवार से डामर बिछाने का काम पुल पर किया जा रहा है। इस काम का निरीक्षण के लिए एनएचएआई डीजीएम आरआर दारे व एमपीआरडीसी प्रबंधक वर्षा अवस्थी ने किया। अधिकारी सुबह करीब 9.30 बजे पुल के निरीक्षण के लिए पहुंचे। यहां उन्होंने पुल पर डाले जा रहे डामर को देखा व उपस्थित कर्मचारी को दिशा निर्देश भी दिए। एनएचएआई डीजीएम आरआर डारे ने बताया चार से पांच दिनों में सड़क पर डामरीकरण का कार्य पूर्ण होने की संभावना है। यदि बारिश होती है तो कार्य में थोड़ा और समय लग सकता है।
0