बल्देवगढ़एक घंटा पहले
- कॉपी लिंक
- सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत करने के बाद भी नहीं हो रहा समस्याओं का समाधान
छतरपुर रोड के बुढेरा तिगड्डे पर मार्ग पर गंदी नाली व पाइप लाइन का पानी भरने से आसपास के रहवासी परेशान हैं। लोगों का कहना है कि 181 पर शिकायत करने के बाद भी अब तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।
गौरतलब है कि बल्देवगढ़ छतरपुर मार्ग के बुढेरा तिगड्डे पर ठेकेदार द्वारा बुडेरा रोड के निर्माण के दौरान रोड के मध्य स्थित पुलिया को मिट्टी से भर दिया था। जिससे मार्ग के दोनों ओर रहने वाले लोगों के घरों की नाली का पानी नहीं निकल पा रहा है। जिससे आसपास के रहवासी लंबे समय से परेशानी को झेल रहे हैं। वही जनपद की ग्राम पंचायत केलपुरा के पंचायत प्रशासन द्वारा पाइप लाइन खोदने के दौरान पाइप लाइन में लीकेज छोड़ दिया। जिससे पाइप लाइन का पानी लीकेज हो कर सड़क पर जमा हो रहा है। स्थिति इतनी खराब है कि यह गंदा पानी लोगों के घरों तक में भर रहा है। वहीं पुलिया का कोई अता पता ही नहीं है।
ग्रामीण महिला कुसुम लोधी ने बताया कि पाइप लाइन का पानी लीकेज होने से सड़क भी खराब हो रही है। पाइप लाइन लीकेज का पानी और नाली का पानी उनके घर में भर रहा है। जिसके बारे में उसने जब ग्राम पंचायत की सरपंच से शिकायत की, तो उन्होंने शिकायत सुनने से इंकार कर दिया और कहने लगी कि जाओ जिससे शिकायत करनी हो कर दो में लीकेज ठीक नहीं करवाऊंगी। इसके बाद उन्होंने इस संबंध में सीएम हेल्पलाइन 181 पर शिकायत की, लेकिन आज तक शिकायत का निराकरण नहीं हो पाया। अब तो सीएम हेल्पलाइन पर भी शिकायत करने का कोई मतलब दिखाई नहीं देता।
वहीं बुड़ेरा तिगड्डे पर स्थित एक दुकान संचालक मनोज सेन का कहना है कि उसकी दुकान के सामने ही रोड पर पानी लीकेज होने के कारण कीचड़ जमा हो गया है। जिससे उसकी दुकानदारी प्रभावित हो रही है। अब समझ में नहीं आ रहा कि क्या करें। ऐसी मुश्किल घड़ी में दुकानदारी करना मुश्किल हो रहा है दुकानदारी ना होने से परिवार का भरण पोषण भी ढंग से नहीं कर पा रहा हूं।