श्योपुर14 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
पंचायत में मरे हुए लोगों को जिंदा बताकर मनरेगा में काम कराया गया और उनका मजदूरी भुगतान भी निकलवा दिया। इसके अलावा सरकारी पशु चिकित्सक से लेकर दुकानदार तक के जॉबकार्ड बना दिए गए। पंचायत में विकास कार्यों के नाम पर लाखों का गबन कर लिया गया है। यह शिकायत मंगलवार को जनसुनवाई में बड़ौदाकलां पंचायत के ग्रामीणों ने की।
मंगलवार को जनसुनवाई की खिड़की पर आवेदन देने के साथ ही रवि धाकड़, वीरेंद्र धाकड़, सीताराम जाटव सहित अन्य लोगों ने बताया कि बड़ौदाकलां पंचायत में सरपंच-सचिव व रोजगार सहायक द्वारा मनरेगा के काम में भारी भ्रष्टाचार किया जा रहा है। यहां गांव में कई साल पहले फौत हो चुके लोगों के नाम पर मनरेगा में मजदूरी करना दर्शाकर भुगतान करा दिया गया है, जबकि पशु चिकित्सक से लेकर उचित मूल्य दुकान के सेल्समैन सहित छात्र-छात्रा व अन्य के गलत तरीके से जॉबकार्ड बना दिए गए हैं।
इसकी शिकायत पूर्व में की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नही हुई। लोगों ने मामले में जांचकर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की और कहा कि इन लोगों की शिकायत करने पर यह लोग झूठे केस में उन्हें फंसाकर एफआईआर करा देते है इसलिए इस मामले की जांच उनके समक्ष की जाए और बयान भी दर्ज किए जाएं ताकि जांच में स्पष्टता आ सके।