खंडवा3 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
इंदौर-इच्छापुर राजमार्ग की बदहाली को लेकर आक्रोश बढ़ने लगा है। व्यवसाय के लिए इस मार्ग का उपयाेग करने वाले व्यवसायी अब अनोखे अंदाज में विरोध करेंगे। वे सड़क की दुर्दशा व उससे होने वाली परेशानी को लेकर परिवहन मंत्री को थोक में मेल भेजेंगे। इंदौर-इच्छापुर राजमार्ग की दुर्दशा से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। समय व ईंधन के अनावश्यक खर्च के चलते व्यापारी वर्ग और आमजन परेशान हैं। पूर्व निमाड़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने इस मुद्दे पर एक बार फिर से मुहिम छेड़ दी है। चेम्बर के प्रवक्ता कमल नागपाल ने बताया चेम्बर ने इस मार्ग के जीर्णोद्धार के लिए पहले भी कई बार गंभीर प्रयास किए हैं।
विभिन्न जनप्रतिनिधियों और जिम्मेदार अफसरों तक अपनी बात पुरजोर तरीके से रखी है। वर्तमान में यह मार्ग फोरलेन के रूप में स्वीकृत किया जा चुका है, लेकिन इसके मूर्तरूप लेने में अभी समय लगेगा। चेम्बर के अध्यक्ष गुरमीत सिंह उबेजा और सचिव सुनील बंसल के अनुसार चेम्बर इस समस्या को लेकर फिर से मेल भेजने की मुहिम शुरू कर रहा है। राजमार्ग की दुर्दशा से सामान्य जनजीवन और व्यापार व्यवसाय पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है। महाराष्ट्र के सीमावर्ती क्षेत्र के कारण इस मार्ग पर यातायात का भारी दबाव बना रहता है। इस समय कोरोना मरीजों की चिकित्सा, शिक्षा और अन्य सामाजिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं।
ऐसे में मार्ग का सुधार अति आवश्यक है। लाखों लोगों को प्रभावित करने वाले इस गंभीर विषय पर इस बार बुरहानपुर, सनावद और बड़वाह के व्यापारियों को भी जोड़ा जाएगा और मिलकर आवाज उठाई जाएगी। कोरोना काल के बाद व्यापारी तबका व्यापार व्यवसाय को पुनः पटरी पर लाने को बेसब्री से आतुर है, लेकिन खराब सड़क इसमें परेशानी बन रही है। चेंबर के कोषाध्यक्ष गोवर्धन गोलानी ने समस्त व्यापारिक संस्थाओं से जुड़े व्यवसाइयों, उद्योगपतियों और आम जनता से अपील की है कि Nitin.gadkari@nic.in पर मेल भेजकर अपनी मांग रखें और चेम्बर की बहुपयोगी मुहिम का समर्थन करें। चेंबर सदस्यों ने परिवहन मंत्री से अतिशीघ्र संज्ञान लेकर मरम्मत और मार्ग निर्माण प्रक्रिया अविलम्ब शुरू करने की मांग की है।