Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
जबलपुर21 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
- प्रशासन के खिलाफ अनशन पर बैठेंगे जबालिपुरम हिन्दू महासभा के सदस्य
जबालिपुरम हिन्दू महासभा द्वारा निकाली जा रही धर्म रक्षा यात्रा को पुलिस-प्रशासन ने प्रतिबंधित कर दिया। इस यात्रा को लेकर कई दिनों से हिन्दूवादी संगठन के लोग तैयारियाँ कर रहे थे। लेकिन मंगलवार की देर रात प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बिगड़ने का हवाला देते हुए यात्रा पर रोक लगा दी।
हालाँकि इसके बावजूद जबालिपुरम हिन्दू महासभा के सदस्यों के साथ कई संगठन बुधवार की सुबह रानीताल चौक पर भगवा झंडे और बैंड बाजे के साथ एकत्रित हो गए। इधर पुलिस भी पहले से तैयार थी और जैसे ही रानीताल चौक पर यात्रा निकालने की तैयारी हुई, पुलिस ने चारों तरफ से बैरिकेडिंग करके कार्यकर्ताओं को घेर लिया। जिसकी वजह से जमकर हंगामा हुआ और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू हो गई।
हालाँकि कुछ देर बाद अधिकारियों की समझाइश पर मामला शांत हुआ और रानीताल चौक पर ही यात्रा की औपचारिकताएँ पूरी हुईं। जबालिपुरम हिन्दू महासभा के मार्गदर्शक जगद््गुरु स्वामी राघवदेवाचार्य ने कहा कि धर्म रक्षा यात्रा पर रोक लगाकर प्रशासन ने राष्ट्र धर्म का अपमान किया है।
एड. सुधीर नायक ने कहा कि प्रशासन को अपनी दोगली नीतियाँ बदलनी होंगी। अमित खम्परिया ने आरोप लगाया कि प्रशासन हिन्दुत्व और हिन्दू संस्कृति के साथ कुठाराघात कर रहा है। प्रशासन की हठधर्मिता के खिलाफ हिन्दू महासभा के सदस्य अनशन पर बैठेंगे। इस मौके पर सीताराम सेन, धनंजय बाजपेयी, अनिल गोलानी, अनिल मिश्रा, सचिन गुप्ता, मीरा दुबे, सुनीता पांडे, पुष्पा तिवारी व अन्य मौजूद रहे।