कोरोना की नई गाइडलाइन जारी. (सांकेतिक तस्वीर)
कोविड-19 को लेकर मध्यप्रदेश के गृह विभाग ने सोमवार को नई गाइडलाइन जारी की. गाइडलाइन 28 फरवरी तक के लिए तय की गई है.
- News18Hindi
- Last Updated:
February 1, 2021, 2:25 PM IST
कोविड-19 को लेकर मध्यप्रदेश के गृह विभाग ने सोमवार को नई गाइडलाइन जारी की. गाइडलाइन 28 फरवरी तक के लिए तय की गई है. नई गाइडलाइन के मुताबिक, प्रदेश में सिनेमा थिएटर पूरी क्षमता के साथ खुल सकेंगे, मेले लगाए जा सकेंगे, धार्मिक-सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जा सकेंगी. हालांकि, सभी को कोविड-19 की गाइडलाइन का सख्ती से पालन करना होगा. ये सभी गतिविधियां कंटेनमेंट जोन छोड़कर बाहर आयोजित की जा सकेंगी. गृह विभाग ने सोमवार को इसके आदेश जारी कर दिए.
प्रदेश में 226 नए मामले सामने आए
प्रदेश कोरोना वायरस संक्रमण के 226 नए मामले सामने आए. इसके साथ ही प्रदेश में इस वायरस से अब तक संक्रमित हुए लोगों की कुल संख्या 2,55,112 पहुंच गयी. राज्य में पिछले 24 घंटों में इस बीमारी से तीन और व्यक्तियों की मौत की पुष्टि हुई है. जिससे मरने वालों की संख्या 3,810 हो गयी है. मध्यप्रदेश के एक स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया, ‘‘पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण से भोपाल, ग्वालियर और दमोह में एक-एक मरीज की मौत की पुष्टि हुई है.’’2,98,761 लोगों को टीका लगाया जा चुका है
स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया, ‘‘राज्य में अब तक कोरोना वायरस संक्रमण से सबसे अधिक 924 मौत इंदौर में हुई हैं, जबकि भोपाल में 611, उज्जैन में 104, सागर में 149, जबलपुर में 251 एवं ग्वालियर में 226 लोगों की मौत हुई हैं। बाकी मौतें अन्य जिलों में हुई हैं.’’ अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में रविवार को कोविड-19 के 57 नये मामले इंदौर में आये, जबकि भोपाल में 54 नये मामले आये. उन्होंने कहा कि प्रदेश में कुल 2,55,112 संक्रमितों में से अब तक 2,48,637 मरीज स्वस्थ होकर घर चले गये हैं और 2,665 मरीज़ों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है. अधिकारी ने बताया कि रविवार को 318 रोगियों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. मध्यप्रदेश में कोविड-19 टीकाकरण अभियान के तहत अब तक प्रदेश में 2,98,761 लोगों को टीका लगाया जा चुका है.